गोरखपुर में फारेस्ट क्लब में चल रहा था हुक्का बार, दो युवक गिरफ्तार; तंबाकू के पैकेट बरामद
गोरखपुर के फारेस्ट क्लब में चल रहे अवैध हुक्का बार का पुलिस ने भंडाफोड़ किया। छापेमारी में दो युवक गिरफ्तार हुए और हुक्के व फ्लेवर युक्त तंबाकू जब्त की गई।

फारेस्ट क्लब में हुक्का बार चलाने वाले दो गिरफ्तार।
HighLights
गोरखपुर के फारेस्ट क्लब में अवैध हुक्का बार का भंडाफोड़।
छापेमारी में दो युवक गिरफ्तार, सात हुक्के और तंबाकू बरामद।
मुख्य होटल व्यवसायी समेत चार आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। फारेस्ट क्लब के ओमेगा पार्टी हाल में अवैध हुक्का बार चल रहा था। सीओ कैंट ने शनिवार की देर रात छापेमारी कर पर्दाफाश किया। क्लब में काम करने वाले राजस्थान व बलरामपुर के दो युवकों को गिरफ्तार कर मौके से सात हुक्के, फ्लेवर युक्त तंबाकू के पांच पैकेट और नशे में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, यहां कम उम्र के युवक-युवतियों को लाइसेंस का झांसा देकर बुलाने और हुक्के के नशे की ओर आकर्षित करने की सूचना मिली थी। इसके एवज में 1500 से 2000 रुपये तक वसूले जाने की बात सामने आई है। होटल व्यवसायी रक्ष ढींगरा समेत चार आरोपितों की तलाश की जा रही है।
सीओ कैंट अरुण कुमार एस ने बताया कि शनिवार की रात में 12 बजे सूचना मिली कि खोराबार के कुसम्ही जंगल स्थित फारेस्ट क्लब के ओमेगा पार्टी हाल में अवैध हुक्का बार चल रहा है।
खोराबार थानेदार के साथ छापेमारी कर ओमेगा हाल से राजस्थान के अजमेर जिले के मदनगंज निवासी रवि दग्दी और बलरामपुर जिले के सिरसिया निवासी अखिलेश वर्मा को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान सात हुक्के, पाइप व चिलम, फ्लेवर युक्त तंबाकू के पांच छोटे पैकेट, क्यूब कोल के तीन बाक्स, हुक्के के आठ डिस्पोजेबल माउथ टिप्स और दो कोल बर्नर बरामद किए गए।
हल्का दारोगा असफाक अहमद ने इस मामले में तंबाकू अधिनियम,लापरवाही से संक्रमण फैलाने की कोशिश करने का मुकदमा दर्ज कराया है। सीओ ने बताया कि बेतियाहाता निवासी होटल व्यवसायी रक्ष ढींगरा, बिछिया रेलवे कॉलोनी निवासी सोनू गुप्ता के साथ ही उनक सहयोगी दीपक और सागर की तलाश चल रही है। गिरफ्तार किए गए रवि दग्दी और अखिलेश वर्मा का खोराबार थाना पुलिस ने रविवार को शांति भंग की आशंका में चालान किया जहां से जमानत मिल गई।
