विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर जिला अस्पताल में स्क्रब यूनिफॉर्म के रंगों से होगी डॉक्टरों की पहचान, चिकित्सकों ने शुरू की नई पहल

Published: Sat, 24 Oct 2026 08:32 PM (GMT+05:30)

गोरखपुर जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने अपनी सुविधा और कार्यप्रणाली बेहतर बनाने के लिए विभागों के अनुसार अलग-अलग रंगों की मेडिकल स्क्रब यूनिफॉर्म पहनना शुरू किया है।

जिला अस्पताल में स्क्रब यूनिफार्म के रंगों से पहचाने जाएंगे चिकित्सक।

जिला अस्पताल में स्क्रब यूनिफार्म के रंगों से पहचाने जाएंगे चिकित्सक।

HighLights

  1. चिकित्सकों ने विभागों के अनुसार रंगीन स्क्रब यूनिफॉर्म अपनाई।

  2. रोगी अब आसानी से संबंधित विभाग के डॉक्टर पहचानेंगे।

  3. यह पहल चिकित्सकों की सुविधा और कार्यप्रणाली सुधारेगी।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने अपनी सुविधा और कार्यप्रणाली बेहतर बनाने के लिए विभागों के अनुसार अलग-अलग रंगों की मेडिकल स्क्रब यूनिफॉर्म पहनने की पहल की है। इसकी शुरुआत इमरजेंसी से हो गई है। इससे रोगियों और तीमारदारों को संबंधित विभाग के चिकित्सक की पहचान करने में आसानी होगी।

चिकित्सकों के अनुसार, लंबे समय तक ड्यूटी के दौरान स्क्रब सामान्य पैंट-शर्ट से अधिक आरामदायक रहती है। इसमें काम करने, बैठने और शारीरिक गतिविधियों में सहूलियत होती है। इसके पाकेट में टॉर्च, पेन और पल्स आक्सीमीटर जैसे जरूरी उपकरण रखे जा सकते हैं, जिन्हें जांच के समय आसानी से निकाला जा सकता है।

वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. शाहनवाज ने बताया कि चिकित्सकों ने स्वयं पहल की है। वह अपने खर्च पर पसंद के रंग और नाप में स्क्रब तैयार करा रहे हैं। इस तरह की व्यवस्था निजी अस्पतालों के अलावा एम्स सहित अन्य संस्थानों में भी लागू है।

उन्होंने बताया कि आपातकालीन सेवाओं में तैनात चिकित्सक के लिए लाल या मैरून, बच्चों और मातृत्व सेवाओं में गुलाबी, सामान्य शल्य चिकित्सा में हरा और सर्जिकल स्टाफ के लिए गहरा नीला रंग चुना जा रहा है।

क्लीनिकल सपोर्ट स्टाफ के लिए हल्का नीला, प्रयोगशाला कर्मियों के लिए सफेद, मानसिक रोग विशेषज्ञों के लिए पीला, कैंसर विशेषज्ञों के लिए बैंगनी और प्रशासनिक कर्मचारियों के लिए काला रंग रखा गया है।

प्रमुख अधीक्षक डॉ. आरडी रमन ने कहा कि अलग-अलग रंगों से चिकित्सकों की पहचान आसान होगी। लोगों ने स्वयं इसकी पहल की है। जल्द ही सभी चिकित्सक और कर्मचारी नई यूनिफॉर्म में नजर आएंगे।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में बनकर तैयार होगा ताल रिंग रोड, देवरिया बाईपास और मोहद्दीपुर जाना होगा आसान