गोरखपुर में भीषण गर्मी का प्रकोप, पारा 40 डिग्री के पार, शुष्क मौसम से बढ़ी बेचैनी
गोरखपुर में अप्रैल के मध्य में ही भीषण गर्मी शुरू हो गई है। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया ...और पढ़ें
-1776403282036_m.webp)
गोरखपुर में गर्मी का कहर जारी। जागरण
HighLights
गोरखपुर में अप्रैल में ही तापमान 39 डिग्री पहुंचा।
आर्द्रता घटकर 15% हुई, जिससे गर्मी बढ़ी।
अगले दिनों में पारा 40 डिग्री पार करने का अनुमान।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। अप्रैल माह के मध्य में ही गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है और मौसम का रुख साफ संकेत दे रहा है कि आने वाले दिनों में तपिश और अधिक बढ़ेगी।
गुरुवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान भी 22.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे रात में भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। अप्रैल में ही गर्मी ने मई-जून के संभावित हालात की झलक दे दी है।
वातावरण में नमी की कमी ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। आर्द्रता का स्तर घटकर 15 प्रतिशत तक पहुंच गया है, जिसके चलते वातावरण पूरी तरह शुष्क हो गया है। इस कारण वास्तविक तापमान से अधिक गर्मी महसूस हो रही है। तेज धूप और गर्म हवाओं ने दिन के समय जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। दोपहर के समय सड़कों पर आवागमन प्रभावित हो रहा है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर-नौतनवा रूट पर ट्रेनों से टकराई साइकिल-मोटरसाइकिल, रेलवे सुरक्षा पर उठे सवाल
मौसम विज्ञानी कैलाश पांडेय के अनुसार अप्रैल के तीसरे सप्ताह में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जाने का पूर्वानुमान है। अगले तीन से चार दिनों तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री के आसपास बना रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
मौसम विज्ञानी के अनुसार फिलहाल वर्षा की कोई संभावना नहीं है, जिससे शुष्कता बनी रहेगी और गर्मी का असर और तेज होगा। ऐसे में स्वास्थ्य पर भी असर पड़ सकता है। हमें गर्मी झेलने के लिए तैयार रहना होगा। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर की तेज धूप से बचने, अधिक से अधिक पानी पीने, हल्के व सूती कपड़े पहनने और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से परहेज करने की सलाह दी है।
