विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट के बाद 60 प्रतिशत बढ़ी खरीदारी, फिर भी कारोबारी परेशान

Published: Thu, 19 Nov 2026 08:49 PM (GMT+05:30)

सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट से गोरखपुर के सराफा बाजार में लग्न की रौनक बढ़ गई है, जिससे ग्राहकों की खरीदारी में तेजी आई है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. सोने-चांदी की कीमतें आठ माह के निचले स्तर पर पहुंचीं।

  2. देवउठनी एकादशी से लग्न की खरीदारी में तेजी।

  3. पुराने सोने के बदले नए गहनों की बिक्री बढ़ी।

प्रभात कुमार पाठक, गोरखपुर। सोने और चांदी की कीमतों में आई गिरावट ने सराफा बाजार में लग्न की रौनक बढ़ा दी है। आठ माह के निचले स्तर पर पहुंचे भाव से उन परिवारों को बड़ी राहत मिली है, जिनके घरों में शादी की तैयारियां चल रही हैं।

20 नवंबर को देवउठनी एकादशी से विवाह का सीजन शुरू होने के साथ ही आभूषणों की खरीदारी जोर पकड़ने की उम्मीद है। ग्राहक अब तक बजट के अनुसार हल्के वजन के गहनों को प्राथमिकता दे रहे थे, लेकिन कीमतों में गिरावट के बाद कुछ खरीदार वजनी जेवरों के विकल्प भी तलाशने लगे हैं।

शहर के गोलघर, घंटाघर व असुरन समेत अन्य प्रमुख सराफा बाजारों में लग्न की खरीदारी को लेकर हलचल बढ़ने लगी है। शादी के लिए हार, चेन, अंगूठी, कंगन, झुमके और मंगलसूत्र की मांग प्रमुखता से बनी हुई है।

वहीं, रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले चांदी के आभूषणों में पायल और बिछिया के साथ ही चांदी के गोल्ड पालिस वाली बैंगल व नेकलेस की खरीदारी भी हो रही है। पूजा-पाठ के लिए चांदी के सिक्कों, कटोरी, थाली और अन्य पूजन सामग्री की मांग भी बाजार को सहारा दे रही है।

पुराने सोने के बदले नए गहनों की खरीदारी

कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव के बीच पुराने सोने को बदलकर नए डिजाइन के आभूषण खरीदने का चलन भी बढ़ा है। कई खुदरा कारोबारियों के यहां कुल बिक्री में इस तरह की खरीदारी की हिस्सेदारी 40 से 60 प्रतिशत तक बताई जा रही है। ग्राहक पुराने गहनों को बदलकर शादी के लिए नए डिजाइन के जेवर बनवा रहे हैं। इससे उन्हें एकमुश्त बड़ी रकम खर्च करने से भी राहत मिल रही है।

पुराने भाव पर बुकिंग करने वाले कारोबारियों की बढ़ी मुश्किल

कीमतों में गिरावट जहां ग्राहकों के लिए राहत लेकर आई है, वहीं पुराने भाव पर बुकिंग लेने वाले सराफा कारोबारियों के सामने मुश्किलें भी खड़ी हुई हैं। जिन कारोबारियों ने पहले अधिक कीमत पर आभूषणों की बुकिंग की थी, उन्हें अब नए भाव के हिसाब से ग्राहकों को डिलीवरी देने में मार्जिन का दबाव झेलना पड़ रहा है। ऐसे में ग्राहक यह भी जानना चाहते हैं कि कीमतों में आई गिरावट का वास्तविक लाभ उन्हें कितना मिल रहा है। मेकिंग चार्ज, डिजाइन और अन्य शुल्क के कारण अंतिम बिल में बचत का अंतर भी बदल सकता है।

कीमतों में गिरावट से ग्राहकों की पूछताछ और खरीदारी का रुझान बढ़ा है। लग्न को देखते हुए लोग पहले से गहनों के डिजाइन और बजट तय कर रहे हैं। पुराने सोने के बदले नए आभूषण बनवाने वालों की संख्या भी अच्छी है। ग्राहक अपनी जरूरत और बजट के अनुसार हल्के और वजनी दोनों तरह के गहने पसंद कर रहे हैं। भाव में उतार-चढ़ाव के कारण हमने एडंवास बुकिंग बंद कर दी है। -संजय अग्रवाल, निदेशक, परंपरा जेम्स एंड ज्वेल्स।

 

 सोने के भाव में गिरावट का असर कारोबारियों पर भी पड़ता है। पुराने भाव पर खरीदे गए स्टाक और पहले की बुकिंग के कारण कारोबार का गणित प्रभावित होता है। हालांकि, ग्राहकों को बिलिंग में सोने के वास्तविक वजन, शुद्धता, उस दिन के भाव और मेकिंग चार्ज की स्पष्ट जानकारी देना जरूरी है। इसलिए कारोबारियों को इसका ख्याल रखना चाहिए। -गणेश वर्मा, अध्यक्ष, सराफा मंडल।

 

सोने व चांदी की कीमतों में आई गिरावट से बाजार में सकारात्मक माहौल बना है। लग्न का सीजन शुरू होने के साथ ही ग्राहक खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। जिन परिवारों ने बढ़ती कीमतों के कारण गहनों की खरीदारी टाल दी थी, वे अब फिर बाजार का रुख कर रहे हैं। कीमतों में स्थिरता बनी रही तो इस बार लग्न में कारोबार पिछले साल से बेहतर रहेगा। यह खरीददारी का अच्छा मौका है। -अनूप सराफ, निदेशक, ऐश्प्रा जेम्स एंड ज्वेल्स।

 

आठ दिनों में भाव में ऐसे रहा उतरा-चढ़ाव

तिथि सोना चांदी
12 नवंबर 1,44,240 1,91,500
13 नवंबर 1,44,000 1,87,500
14 नवंबर 1,42,650 1,84,300
15 नवंबर 1,41,750 1,82,300
16 नवंबर 1,40,900 1,76,100
17 नवंबर 1,40,100 1,74,000
18 नवंबर 1,37,250 1,69,000
19 नवंबर 1,34,320 1,66

नोट: सोने का भाव 24 कैरेट प्रति दस ग्राम व चांदी प्रति किग्रा जीएसटी सहित है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।