विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर की युवती की बिचौलियों ने हरियाणा-राजस्थान में दो बार कराई शादी, पीड़िता की शिकायत से मची सनसनी

Published: Thu, 04 Jun 2026 08:58 AM (IST)

गोरखपुर की एक लड़की को बिचौलियों ने गुमराह कर हरियाणा और राजस्थान में दो बार शादी करवाई। पीड़िता ने बाद ...और पढ़ें

शादी के बाद पहले ने छोड़ा तो बिचौलिए के पास पहुंची थी पीड़िता। जागरण

 शादी के बाद पहले ने छोड़ा तो बिचौलिए के पास पहुंची थी पीड़िता। जागरण

HighLights

  1. गोरखपुर की लड़की को बिचौलियों ने गुमराह कर शादी कराई।

  2. हरियाणा और राजस्थान में दो बार जबरन विवाह कराया गया।

  3. पुलिस ने चार आरोपियों पर केस दर्ज कर जांच शुरू की।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। स्वजन को गुमराह कर बिचौलियों ने चौरी चौरा की एक लड़की की हरियाणा और राजस्थान में शादी कराई। पहले के छोड़ने पर पीड़िता मदद के लिए बिचौलियों के पास पहुंची तो भविष्य की परवाह किए बिना आरोपितों ने दूसरी शादी करा दी। गर्भवती होने पर जब युवक को पहली शादी का पता चला तो उसने मारपीट कर गर्भपात कराकर भगा दिया। जब इसकी जानकारी आरोपितों को हुई तो वह तीसरी शादी कराने की तैयारी करने लगे।

किसी तरह से लड़की भागकर अपने गांव पहुंची और मां के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र दिया। इसके बाद पुलिस ने चौरी चौरा थाना के भरतपुर निवासी देवंती व बेटी मीना और हरियाणा के हिसार जनपद, थाना आदमपुर के सिसवाल निवासी पहले पति रवि, राजस्थान के झुंझाुनू थाना के दोबड़ा निवासी दूसरे पति राजेश और रमेश के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी है।

लड़की के अनुसार आरोपित देवंती और मीना की शादी हरियाणा में हुई है। ये दोनों ने बहला-फुसलाकर हरियाणा ले गए, जहां रमेश नाम के युवक से बातचीत कर उसकी शादी सिसवाल निवासी रवि से करा दी। शादी के बाद वह कुछ समय तक ससुराल में रही, लेकिन पति की शराब पीने की आदत और आए दिन मारपीट के कारण उसका जीवन परेशानियों से भर गया। जब उसने अपनी समस्या आरोपित मीना बताई, तो उसने अपने घर वापस बुला लिया।

इसके बाद उसकी इच्छा और भविष्य की परवाह किए बिना मीना ने अपनी मां देवंती और रमेश के साथ मिलकर उसकी शादी राजस्थान के राजेश से दूसरी शादी करा दी। वह दूसरे पति के साथ 10 महीने तक रही और इस दौरान गर्भवती भी हो गई थी। बाद में आरोपितों ने उसके दूसरे पति को हरियाणा में हुई पहली शादी से जुड़े विवाद और फर्जी मुकदमे की जानकारी देकर उसके खिलाफ भड़का दिया। इसके बाद आरोपित राजेश ने उसका गर्भपात करा दिया और उसे घर से निकाल दिया।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में छात्राओं से छेड़खानी: तीन नाबालिग गिरफ्तार, तीन महिला पुलिसकर्मी निलंबित

बेसहारा होने पर वह उन बिचौलिए के पास फिर पहुंची, जिसने उसकी शादी कराई थी, लेकिन वहां भी उसे कोई मदद नहीं मिली। इसी बीच उसके बेसहारा होने का फायदा उठाते हुए आरोपित बिचौलिए उसकी तीसरी शादी कराने की तैयारी करने लगे। किसी तरह उनके चंगुल से निकलकर वह अपने घर पहुंची और स्वजन को घटनाक्रम की जानकारी दी।

आरोप है कि लड़की के घर आने की जानकारी होने पर एक बिचौलिया भी उसके पीछे-पीछे गांव तक पहुंची और पीड़िता को दोबारा से बहलाने और फुसलाने का काम किया। एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर दो बिचौलियों समेत चार के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है।

मामले की जांच चल रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पीड़िता की उम्र कितनी है, इसकी भी जांच चल रही है। अभी तक की जांच में लेन देन का मामला सामने नहीं आया है।