विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में छात्राओं से छेड़खानी: तीन नाबालिग गिरफ्तार, तीन महिला पुलिसकर्मी निलंबित

Published: Thu, 04 Jun 2026 08:08 AM (IST)

गोरखपुर में कोचिंग जा रही छात्राओं से छेड़खानी और मारपीट के मामले में तीन नाबालिग आरोपितों को गिरफ्तार कर बाल ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

HighLights

  1. छात्राओं से छेड़खानी, मारपीट के आरोप में तीन गिरफ्तार।

  2. तीनों आरोपित नाबालिग निकले, बाल संरक्षण गृह भेजे गए।

  3. लापरवाही पर तीन महिला पुलिसकर्मी निलंबित, जांच जारी।

जागरण सवाददाता, गोरखपुर। कोचिंग पढ़ने जा रही पांच छात्राओं से छेड़ाखानी और मारपीट के मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। पूछताछ व जांच में आरोपित नाबालिग निकले। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर बाल संरक्षण गृह भेज दिया गया। उधर, घटना के संबंध में लापरवाही बरतने पर एसएसपी डा. कौस्तुभ ने मिशन शक्ति केंद्र में तैनात एक महिला दरोगा सहित दो महिला कांस्टेबलों को निलंबित कर विभागीय जांच के निर्देश दिए हैं।

घटना मंगलवार शाम की है, जब शाहपुर क्षेत्र की पांच छात्राएं कोचिंग के लिए जा रही थीं। आरोप है कि टीएन पब्लिक स्कूल के पास पहले से मौजूद तीन आरोपितों ने उन्हें रोककर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं और अभद्र इशारे किए। छात्राओं द्वारा विरोध करने पर आरोपितो ने अपशब्द शुरू कर दिया और मारपीट की। जबकि छात्राओं और स्थानीय का आरोप था कि आरोपितों ने पहले रास्ता पूछने का बहाना बनाकर बातचीत शुरू की और फिर अशोभनीय हरकतें करने लगे।

विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। कुछ देर बाद आरोपित डंडा और ईंट लेकर वापस पहुंचे और छात्राओं पर हमला कर दिया। इस दौरान उन्होंने मारपीट करने के साथ धमकी भी दी और हाथ पकड़ने का प्रयास किया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े तो आरोपित भाग निकले।

घटना के बाद छात्राएं घर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी दी। इसके बाद एक छात्रा की मां की तहरीर पर शाहपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। इस दौरान मोतीराम अड्डा निवासी एक आरोपित की पहचान कर पुलिस ने उसे हिरासत में लिया, उससे पूछताछ के आधार पर शाहपुर क्षेत्र निवासी दो अन्य को भी हिरासत में लिया गया।

यह भी पढ़ें- Gorakhpur Weather Update: हल्की वर्षा के आसार, उमस रहेगी बरकरार

इधर, घटना के बाद पुलिस व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर एसएसपी ने मिशन शक्ति केंद्र में तैनात महिला दरोगा हिमानी सिंह, महिला कांस्टेबल सरोजनी गुप्ता और आराधना गौड़ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही पूरे प्रकरण की विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।

एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि तीन आरोपित नाबालिगों को बाल संरक्षण गृह भेजा गया है। इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में मिशन शक्ति की तीन महिला पुलिसकर्मियों को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।