गोरखपुर में गलत इंजेक्शन लगने से बच्ची की मौत, मेडिकल स्टोर संचालक पर दर्ज हुआ मुकदमा
गोरखपुर में एक छह वर्षीय बच्ची की मेडिकल स्टोर पर गलत इंजेक्शन लगने से मौत हो गई। पुलिस ने बच्ची ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
छह वर्षीय बच्ची की गलत इंजेक्शन से हुई मौत।
मेडिकल स्टोर संचालक पर लापरवाही का मुकदमा दर्ज।
पुलिस और सीएमओ मामले की जांच कर रहे हैं।
संवाद सूत्र, हरपुर-बुदहट। थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर में मेडिकल स्टोर पर इंजेक्शन लगने के बाद छह वर्षीय बच्ची की हालत बिगड़ गई। स्वजन उसे खलीलाबाद के निजी अस्पताल में ले गए। वहां चिकित्सक ने हालत गंभीर बताकर गोरखपुर रेफर कर दिया। शहर के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान गुरुवार देर शाम उसकी मौत हो गई।
बच्ची के मौसेरे भाई की तहरीर पर मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बच्ची चार वर्ष से अपनी मौसी के घर पर रहकर पढ़ाई कर रही थी। रघुनाथपुर के रहने दीपक यादव ने पुलिस को बताया कि मनोरथपुर, मेहदावल, संतकबीर नगर निवासी रीतिमा पुत्री सुरेश यादव मौसेरी बहन है।
वह चार वर्ष से मेरे घर पर रहकर कक्षा दो में पढ़ाई कर रही थी। 20 सितंबर को बुखार होने पर मां मंजू देवी के साथ वह सुरवलिया चौराहा पर स्थित प्रभा मेडिकल स्टोर पर दवा लेने गई। आरोप है कि मेडिकल स्टोर संचालक हरेन्द्र यादव ने रीतिमा को दो इंजेक्शन लगाए और कुछ दवाएं देकर घर भेज दिया। घर पहुंचने के करीब 20 मिनट बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। फिर उसे खलीलाबाद के एक निजी अस्पताल ले जाया गया।
वहां चिकित्सक ने उपचार के लिए लगाए गए इंजेक्शन और दी गई दवाओं के नाम पूछे। आरोप है कि इंजेक्शन का नाम पूछने पर मेडिकल स्टोर संचालक ने इन्कार कर कर धमकी देते हुए भगा दिया। गंभीर हाल रीतिमा को गोरखपुर शहर के एक अस्पताल में ले जाया गया, जहां गुरुवार गुरुवार देर शाम उपचार के दौरान मौत हो गई। स्वजन की सूचना पर पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कार्रवाई शुरू कर दी।
दीपक यादव की तहरीर पर मेडिकल स्टोर संचाल हरेन्द्र यादव के खिलाफ लापरवाही से जीवन या सुरक्षा को खतरा पैदा करने, शांति भंग के इरादे से जानबूझकर अपमानित करने और गंभीर आपराधिक धमकी देने का मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार पाठक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सीएमओ डॉ. राजेश झा ने बताया कि यह गंभीर प्रकरण है। इसकी जांच कराई जाएगी।
