गोरखपुर में इंडस्ट्रियल एरिया को मिलेंगे 100 से अधिक प्लॉट, 50 करोड़ की लागत से बनेंगी बेहतरीन सड़कें
गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) लिंक एक्सप्रेसवे के किनारे 100 से अधिक औद्योगिक भूखंड उपलब्ध कराने की तैयारी में है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
गीडा 100 से अधिक औद्योगिक भूखंड उपलब्ध कराएगा।
धुरियापार में 50 करोड़ से सड़कें और ड्रेनेज सुधरेगा।
छोटे व मध्यम उद्योगों को मिलेगा निवेश का अवसर।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) लिंक एक्सप्रेसवे के दोनों तरफ विकसित हो रहे औद्योगिक कॉरिडोर में उद्योगों की स्थापना के लिए जल्द ही 100 से अधिक भूखंड उपलब्ध कराने की तैयारी में है। मेगा यूनिटों के साथ लघु और मध्यम श्रेणी के उद्यमियों को भी औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने का अवसर मिलेगा।
अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में प्रस्तावित गीडा बोर्ड की बैठक में छोटे उद्योगों के लिए भूमि उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा जाएगा। मंजूरी मिलने के बाद भूखंडों के आवंटन के लिए विज्ञापन जारी किए जाने की उम्मीद है।
धुरियापार औद्योगिक क्षेत्र में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए तेजी से काम चल रहा है। यहां केयान डिस्टलरी से लेकर अदाणी ग्रुप तक को भूमि आवंटित की जा चुकी है। निवेश के अनुकूल माहौल तैयार करने के लिए अवस्थापना सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।
50 करोड़ से चौड़ी होंगी सड़कें
टाउनशिप के अलग-अलग सेक्टरों में करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से चौड़ी सड़कों और जल निकासी की व्यवस्था विकसित की जा रही है। इसके तहत आंतरिक संपर्क मार्गों और ड्रेनेज सिस्टम को बेहतर बनाया जा रहा है, ताकि औद्योगिक इकाइयों को सुचारु संचालन के लिए जरूरी सुविधाएं मिल सकें।
बेहतर कनेक्टिविटी से बढ़ेगा औद्योगिक निवेश
चेंबर आफ इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष आरएन सिंह का कहना है कि किसी भी उद्योग की स्थापना के लिए पर्याप्त भूमि की उपलब्धता और बेहतर कनेक्टिविटी सबसे जरूरी है। धुरियापार में इन सुविधाओं के विकसित होने से यह क्षेत्र उद्यमियों के लिए काफी मुफीद साबित हो सकता है। छोटे और मध्यम उद्योगों के लिए भूखंड उपलब्ध होने से यहां निवेश की संभावनाएं और बढ़ेंगी।
धुरियापार औद्योगिक क्षेत्र में छोटे उद्योगों के लिए भूमि उपलब्ध कराने का प्रस्ताव बोर्ड की बैठक में रखा जाएगा। बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद भूखंड आवंटन के लिए विज्ञापन जारी किया जाएगा। इससे बड़े निवेशकों के साथ छोटे उद्यमियों को भी औद्योगिक क्षेत्र में अपनी इकाई स्थापित करने का अवसर मिल सकेगा। -राम प्रकाश, एसीईओ, गीडा।
यह भी पढ़ें- पीएमश्री स्कूलों की सुरक्षा का जिम्मा अब पूर्व सैनिकों के हाथ, कानपुर के 23 विद्यालयों में होगी 24 घंटे तैनाती
