विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में 3.85 करोड़ से बनेगा मॉडर्न कल्याण मंडपम, कम बजट में मिलेगी मैरिज हॉल जैसी सुविधाएं

Published: Fri, 09 Oct 2026 06:39 PM (IST)

गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) जटेपुर में 3.85 करोड़ रुपये की लागत से एक नया कल्याण मंडपम बनवाएगा। यह कम और ...और पढ़ें

जिले में बनेगा आधुनिक कल्याण मंडपम।

जिले में बनेगा आधुनिक कल्याण मंडपम।

HighLights

  1. जटेपुर में 3.85 करोड़ से नया कल्याण मंडपम बनाएगा जीडीए।

  2. कम आय वर्ग के परिवारों को किफायती आयोजन स्थल उपलब्ध होगा।

  3. यह मुख्यमंत्री योगी के 'इज ऑफ लिविंग' विजन का हिस्सा है।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। शहर में कम और मध्यम आय वर्ग के परिवारों को मांगलिक आयोजनों के लिए किफायती स्थान उपलब्ध कराने की दिशा में गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) जटेपुर में नया कल्याण मंडपम बनवाएगा। वार्ड नंबर 22 में बनने वाली इस सुविधा पर करीब 3.85 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

इसके लिए प्राधिकरण ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। भवन में विवाह समारोह के साथ पारिवारिक कार्यक्रमों, सांस्कृतिक आयोजनों और अन्य सार्वजनिक गतिविधियों के लिए भी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इज ऑफ लिविंग यानी जीवन सुगमता के विजन के तहत शहर में वार्ड स्तर पर कल्याण मंडपम विकसित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य उन परिवारों को मैरिज हाल का किफायती विकल्प देना है, जिनके लिए निजी आयोजन स्थलों का खर्च उठाना मुश्किल होता है। इसी क्रम में जटेपुर में भी नए कल्याण मंडपम की तैयारी शुरू की गई है।

4540 वर्गमीटर में विकसित होगा परिसर

जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल के अनुसार, जटेपुर में कल्याण मंडपम का विकास 4540 वर्गमीटर क्षेत्रफल में किया जाएगा। भवन भूतल और प्रथम तल का होगा। इसका कुल निर्मित क्षेत्रफल 1480 वर्गमीटर प्रस्तावित है। इसमें भूतल पर 768 और प्रथम तल पर 712 वर्गमीटर में निर्माण होगा।

परिसर में बड़े हाल के अलावा कमरे, रसोईघर, स्टोर, कार्यालय और डारमेट्री की व्यवस्था रहेगी। दोनों मंजिलों पर महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय बनाए जाएंगे। इन सुविधाओं से स्थानीय लोगों को विवाह, पारिवारिक समारोह और सामूहिक कार्यक्रमों के लिए आसपास ही आयोजन स्थल मिल सकेगा।

आठ स्थानों पर शुरू हो चुकी है सुविधा

शहर में अब तक खोराबार, सूरजकुंड, मानबेला, राप्तीनगर विस्तार क्षेत्र के टोला पीरू शहीद, बिछिया जंगल तुलसीराम, जंगल बेनी माधव, बशारतपुर और जंगल नकहा नंबर दो में कल्याण मंडपम क्रियाशील हो चुके हैं। वहीं, वार्ड नंबर सात महादेव झारखंडी और वार्ड नंबर दो बाबा राघवदास नगर के सेमरा में इनका निर्माण चल रहा है।

जीडीए उपाध्यक्ष का कहना है कि आर्थिक स्थिति के कारण किसी परिवार के मांगलिक आयोजन की गरिमा प्रभावित न हो, इसी उद्देश्य से घरों के नजदीक आधुनिक और सुलभ आयोजन स्थल विकसित किए जा रहे हैं। जटेपुर में नया कल्याण मंडपम इसी पहल का विस्तार होगा।

यह भी पढ़ें- योगी सरकार ने 455 लेखपाल का किया प्रमोशन, जल्द मिलेगी राजस्व निरीक्षक के पद पर तैनाती