एनर्जी ड्रिंक नाम से नहीं बिकेंगे कैफीनयुक्त पेय पदार्थ, गोरखपुर में प्रतिबंधित प्रोडक्ट हटाने के निर्देश
गोरखपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने कैफीनयुक्त पेय पदार्थों को 'एनर्जी ड्रिंक' के नाम से बेचने पर रोक लगा दी है। नियमों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
गोरखपुर में 'एनर्जी ड्रिंक' नाम पर बिक्री प्रतिबंधित।
कैफीनयुक्त पेय पदार्थों को अब केवल इसी श्रेणी में बेचें।
नियम उल्लंघन पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। कैफीनयुक्त पेय पदार्थों को 'एनर्जी ड्रिंक' के नाम से बेचना और उनका प्रचार करना अब कारोबारियों को भारी पड़ सकता है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने ऐसे उत्पादों के भ्रामक नाम और विज्ञापन पर रोक लगाने के लिए जिले में सघन जांच अभियान चलाने का निर्णय लिया है।
निर्माताओं, थोक और फुटकर विक्रेताओं के साथ ही मॉल, सुपरमार्केट और ऑनलाइन कारोबारियों को भी निर्देश दिया गया है कि वे अपने प्रतिष्ठानों से 'एनर्जी ड्रिंक' लिखे कैफीनयुक्त पेय पदार्थों का स्टाक तत्काल हटा दें।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, कई खाद्य कारोबारी फूड कैटेगरी सिस्टम (एफसीएस) के तहत लाइसेंस लेकर कार्बोनेटेड और नान-कार्बोनेटेड कैफीनयुक्त पेय पदार्थों की बिक्री कर रहे हैं।
इनके लेबल और ऑनलाइन प्रचार में 'एनर्जी ड्रिंक' शब्द का इस्तेमाल किया जा रहा है। जबकि खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने इन उत्पादों के लिए केवल 'कैफीनयुक्त पेय' श्रेणी निर्धारित की है। 'एनर्जी ड्रिंक' और 'स्पोर्ट्स ड्रिंक' नाम से किसी उत्पाद के लिए अलग मानक अधिसूचित नहीं किया गया है।
उत्पादों के नाम, लेबल और विज्ञापन में 'एनर्जी ड्रिंक' शब्द का इस्तेमाल खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 24, लेबलिंग एवं डिस्प्ले विनियम, 2020 के विनियम 4(3) तथा विज्ञापन एवं दावे विनियम, 2018 का उल्लंघन है।
एफएसएसएआई ने इस श्रेणी के उत्पादों पर इस शब्द का इस्तेमाल तत्काल प्रभाव से बंद करने का निर्णय लिया है। पुराने स्टाक के निस्तारण के लिए निर्धारित 30 सितंबर 2026 की समय-सीमा भी समाप्त हो चुकी है। ऐसे में कारोबारियों को अब नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा।
विभाग की प्रवर्तन टीमें जिलेभर में दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों की जांच करेंगी। आनलाइन माध्यमों पर बेचे जा रहे उत्पादों के लेबल और विज्ञापन भी जांच के दायरे में रहेंगे। नियमों का उल्लंघन मिलने पर उत्पादों के नमूने लेकर संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी। आम नागरिकों से भी ऐसे उत्पादों की बिक्री की सूचना विभाग को देने की अपील की गई है। -डॉ. सुधीर कुमार सिंह, सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय एवं अभिहित अधिकारी, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन।