विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पार्टी के बहाने साथ ले गए दोस्त ने दाे युवकों संग मिलकर की अभिषेक की हत्या, दो गिरफ्तार

Published: Wed, 11 Feb 2026 06:40 PM (IST)

पार्टी के बहाने अभिषेक को घर से ले गए पड़ोस में रहने वाले दोस्त ने दो युवकों संग मिलकर चाकू घोंपा था। वारदात से पहले आरोपितों ने उसे शराब शराब पिलाई थी। वारदात के बाद मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। गीडा थाना पुलिस ने दो आरोपितों को हिरासत में ले लिया है। मुख्य आरोपित की तलाश में छापेमारी चल रही है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. गीडा पुलिस ने सर्विलांस और सीसी कैमरा फुटेज से सुलझाई गुत्थी

  2.  पड़ोस में रहने वाले युवक की तलाश में गीडा थाना पुलिस कर रही छापेमारी

  3. पत्नी से नजदीकी होने के संदेह में आरोपित ने रची हत्या करने की साजिश


जागरण संवाददाता, गोरखपुर। पार्टी के बहाने अभिषेक को घर से ले गए पड़ोस में रहने वाले दोस्त ने दो युवकों संग मिलकर चाकू घोंपा था। वारदात से पहले आरोपितों ने उसे शराब शराब पिलाई थी। वारदात के बाद मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। गीडा थाना पुलिस ने दो आरोपितों को हिरासत में ले लिया है। मुख्य आरोपित की तलाश में छापेमारी चल रही है।

सात फरवरी की सुबह पेवनपुर गांव के सीवान में नौसढ़ निवासी अभिषेक सिंह का शव मिलने से हड़कंप मच गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में धारदार हथियार से 35 जगह वार की पुष्टि हुई थी। मृतक के पिता विजय सिंह की तहरीर पर हरैया गांव निवासी आकाश, अक्षय, निखिल तथा नौसढ़ के प्रदीप चौहान व रवि पासवान के खिलाफ रंजिश में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने सर्विलांस और सीसी कैमरे के फुटेज खंगाले।

फुटेज में अभिषेक दो युवकों के साथ बाइक पर जाता दिखाई दिया। हालांकि शुरुआती फुटेज धुंधले थे और कोहरे के कारण पहचान मुश्किल थी, लेकिन बाद में शराब दुकान और अन्य स्थानों के कैमरों की जांच से अहम सुराग मिले। पुलिस ने शराब दुकान की हार्डडिस्क भी कब्जे में ली। क्यूआर कोड से शराब खरीद की पुष्टि हुई। जिसके बाद चौराहे पर रहने वाले दो युवकों को पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि अभिषेक को पार्टी के बहाने बुलाया था।

मुख्य आरोपित नौसढ़ चौराहे पर ठेला लगाता है और अभिषेक से उसकी पुरानी दोस्ती थी। दोनों के बीच घर पर आना-जाना था। ठेला लगाने वाले युवक को संदेह था कि अभिषेक उसकी पत्नी से बातचीत करता है। इसी वजह से उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। पार्टी करने के बहाने बाइक से पेवनपुर गांव के सिवान में ले गया जहां सभी लोगों ने एक साथ शराब पी।

नशे की हालत में चाकू घोंपकर अभिषेक की हत्या करने के बाद उन्होंने घर आकर कपड़ा बदला और फरार हो गए। पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपित की तलाश में छापेमारी जारी है। एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का पूर्ण पर्दाफाश कर शेष आरोपित को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।