विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनतेरस और दीपावली पर तीन दिन गोरखपुर में फ्री रहेगी पार्किंग, 855 वाहनों की व्यवस्था

Published: Fri, 06 Nov 2026 07:47 PM (IST)

गोरखपुर नगर निगम ने धनतेरस और दीपावली पर बाजारों में खरीदारी करने वालों के लिए बड़ी राहत दी है। तीन ...और पढ़ें

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. नगर निगम ने त्योहारों पर दी बड़ी राहत।

  2. 6 से 8 नवंबर तक पार्किंग रहेगी बिल्कुल मुफ्त।

  3. गोलघर, घंटाघर पार्किंग में 855 वाहन खड़े होंगे।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। धनतेरस और दीपावली पर बाजारों में खरीदारी के लिए निकलने वालों को नगर निगम ने बड़ी राहत दी है। त्योहार के मौके पर वाहन खड़ा करने के लिए अब जेब ढीली नहीं करनी पड़ेगी।

नगर निगम ने शहर में अपने सभी संचालित पार्किंग स्थलों पर तीन दिन तक दोपहिया और चारपहिया वाहनों की पार्किंग निश्शुल्क कर दी है। छह से आठ नवंबर तक किसी भी वाहन से पार्किंग शुल्क नहीं लिया जाएगा। नगर निगम की इस पहल से बाजारों में खरीदारी करने आने वाले लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी।

धनतेरस और दीपावली पर गोलघर समेत प्रमुख बाजारों में खरीदारों की भीड़ बढ़ जाती है। ऐसे में पार्किंग शुल्क से राहत मिलने के साथ ही लोगों को वाहन खड़ा करने में भी सुविधा होगी। हालांकि निश्शुल्क पार्किंग की सुविधा के दौरान भी सुरक्षा से समझौता नहीं होगा।

ज्वलनशील पदार्थ, विस्फोटक, प्रतिबंधित और अन्य संदिग्ध सामग्री लेकर आने वाले वाहनों को पार्किंग में खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी। यह प्रतिबंध पहले की तरह लागू रहेगा।

इसके अलावा मासिक पास पर भी यह आदेश लागू नहीं होगा। नगर निगम ने पार्किंग संचालकों को आम नागरिकों को इस व्यवस्था की जानकारी देने और दीपावली के दौरान पार्किंग का संचालन व्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित करने को कहा है।

855 वाहनों को तीन दिन मुफ्त पार्किंग का मिलेगा लाभ

धनतेरस और दीपावली पर नगर निगम की ओर से निश्शुल्क पार्किंग का 855 लोगों को लाभ मिलेगा। शहर की दो संचालित मल्टीलेवल पार्किंग में एक साथ 855 वाहन निश्शुल्क खड़े किए जा सकेंगे। गोलघर स्थित जलकल परिसर की मल्टीलेवल पार्किंग में 305 चारपहिया और 300 दोपहिया समेत कुल 605 वाहन खड़े हो सकते हैं।

वहीं, घंटाघर स्थित शहीद बंधु सिंह पार्क के पास बनी पार्किंग में 50 चारपहिया और 200 दोपहिया समेत लगभग 250 वाहनों की जगह है। इस तरह दोनों पार्किंग की कुल क्षमता 855 वाहनों की है।

धनतेरस और दीपावली पर आम नागरिकों की सुविधा और जनहित को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। नगर निगम के सभी पार्किंग संचालकों और प्रभारियों को आदेश का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित अवधि में किसी भी दोपहिया या चारपहिया वाहन से पार्किंग शुल्क नहीं लिया जाएगा। -अतुल कुमार, अपर नगर आयुक्त।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।