विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इंडोनेशिया में बैठा ‘पीके’ फर्जी पासपोर्ट गिरोह का मास्टरमाइंड, गोरखपुर के एक पते पर 12 ने बनवाए Passport

Published: Fri, 13 Nov 2026 10:18 PM (GMT+05:30)

गोरखपुर में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर अपराधियों को विदेश भेजने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा हुआ है। इसका मास्टरमाइंड इंडोनेशिया में बैठा 'पीके' बताया जा रहा है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. इंडोनेशिया में बैठा 'पीके' फर्जी पासपोर्ट गिरोह का मास्टरमाइंड।

  2. गोरखपुर के एक पते पर 12 फर्जी पासपोर्ट बनवाए गए।

  3. गैंगस्टरों को फर्जी दस्तावेजों से विदेश भेजा जाता था।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। अपराधियों को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट बनवाकर विदेश भेजने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का मास्टरमाइंड इंडोनेशिया में बैठा ‘पीके’ बताया जा रहा है। जांच एजेंसियों के अनुसार, स्थानीय एजेंटों के जरिए फर्जी दस्तावेज तैयार कराकर अपराधियों के पासपोर्ट बनवाने का पूरा नेटवर्क वही संचालित करता था। दिल्ली व पंजाब पुलिस की कार्रवाई के बाद गोरखनाथ थाना पुलिस ने भी इस गिरोह की पड़ताल तेज कर दी है।

जांच में गोरखनाथ क्षेत्र के एक ही पते पर 12 लोगों के फर्जी पासपोर्ट बनवाए जाने की बात सामने आई है। इनमें चार गैंग्सटर बताए जा रहे हैं, जिन्होंने दूसरे लोगों के नाम और दस्तावेजों का इस्तेमाल कर पासपोर्ट हासिल किए।

पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि एक ही पते पर इतने पासपोर्ट कैसे जारी हो गए और सत्यापन के दौरान किन लोगों ने उनकी मदद की। फर्जी पासपोर्ट प्रकरण में गोरखनाथ थाने में दो मुकदमे दर्ज हैं।

पहले मुकदमे में हरसिमरन सिंह उर्फ बादल, बेलघाट निवासी हरेंद्र प्रताप और गोरखनाथ के ललितापुरम निवासी विशाल सिंह आरोपित हैं। तीनों की गिरफ्तारी हो चुकी है। दूसरे मुकदमे में जोबनजीत सिंह उर्फ बिल्ला, गुरविंदर सिंह उर्फ अफरीदी और सिपाही शशिकांत यादव समेत 12 लोगों को आरोपित बनाया गया है।

इस मुकदमे में चार आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि आठ अब भी फरार हैं। पुलिस के अनुसार, इन फरार आरोपितों ने गोरखनाथ के पते पर बने फर्जी पासपोर्ट के आधार पर विदेश में शरण ले रखी है। उन्हें भारत लाने के लिए पुलिस और जांच एजेंसियां डिपोर्ट कराने की प्रक्रिया में जुटी हैं।

इंडोनेशिया और मंगोलिया से डिपोर्ट हुए गैंग्सटर

इस नेटवर्क की जांच के बीच पंजाब के गैंग्सटर गुरविंदर सिंह उर्फ अफरीदी को आठ नवंबर को मंगोलिया से डिपोर्ट कर भारत लाया गया। इससे पहले अमृतसर के गैंग्सटर जोबनजीत सिंह उर्फ बिल्ला को इंडोनेशिया से डिपोर्ट किया गया था। दोनों के नाम दूसरे मुकदमे में सामने आए हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि विदेश में बैठे गैंग्सटरों के पास फर्जी पहचान पर बने पासपोर्ट कैसे पहुंचे और इसमें स्थानीय एजेंटों की क्या भूमिका रही।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।