विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पीएम ई ड्राइव योजना: गोरखपुर में बनेंगे 8 नए ईवी चार्जिंग स्टेशन, एक महीने में संचालन शुरू होने की उम्मीद

Published: Tue, 27 Oct 2026 07:10 PM (IST)

गोरखपुर में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए नगर निगम ने यूपीआरईवी के साथ मिलकर पीएमई ड्राइव योजना के ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. गोरखपुर में 8 नए ईवी चार्जिंग स्टेशन बनेंगे।

  2. पीएमई ड्राइव योजना के तहत यूपीआरईवी करेगा स्थापित।

  3. एक महीने में संचालन शुरू होने की उम्मीद है।

राजीव रंजन, गोरखपुर। महानगर में इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने और चार्जिंग की सुविधा विकसित करने की दिशा में नगर निगम ने महत्वपूर्ण पहल की है। अब शहर में इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश सरकार की इकाई उत्तर प्रदेश नवीकरणीय और इलेक्ट्रिक वाहन बुनियादी ढांचा (यूपीआरईवी) को दी गई है।

नगर निगम ने प्रधानमंत्री इलेक्ट्रिक ड्राइव रिवोल्यूशन इन इनोवेटिव व्हीकल एनहांसमेंट (पीएमई ड्राइव) योजना के अंतर्गत चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए आठ स्थान चिह्नित कर यूपीआरईवी को उपलब्ध कराए हैं। इन साइटों पर चार्जिंग स्टेशन स्थापित होने से इलेक्ट्रिक वाहन चालकों को शहर के प्रमुख मार्गों और व्यस्त इलाकों में वाहन चार्ज करने की सुविधा मिल सकेगी। इससे इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को भी मजबूती मिलेगी।

प्रमुख मार्गों और स्थलों पर मिलेगी सुविधा
नगर निगम की ओर से चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए नौका विहार रोड, बुद्धा म्यूजियम के सामने, देवरिया रोड पर दिव्यनगर सिंघड़िया, पैडलेगंज, शाहपुर, नथमलपुर, जंगल बहादुर अली और नौसढ़ में लखनऊ रोड पर महिंद्रा शोरूम के पास समेत कुल आठ स्थान यूपीआरईवी को दिए गए हैं। इन स्थानों का चयन शहर में इलेक्ट्रिक वाहन चालकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर किया गया है।

नगर निगम प्रशासन के अनुसार, शहर में ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए अब यूपीआरईवी को ही स्थान उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास की प्रक्रिया को एकीकृत तरीके से आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। यूपीआरईवी के अधिशासी अभियंता नितिन कुमार गुप्ता ने कहा कि एक महीने के अंदर ये चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना और संचालन शुरू हो जाने की पूरी उम्मीद है।

पीएमई ड्राइव योजना केंद्र सरकार की पहल
पीएमई ड्राइव योजना केंद्र सरकार की पहल है। इसका उद्देश्य देश में इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देना और उनके लिए आवश्यक चार्जिंग सुविधाओं का विस्तार करना है। यूपीआरईवी के अधिशासी अभियंता नितिन कुमार गुप्ता ने बताया कि योजना के तहत चार्जिंग स्टेशन के लिए उपलब्ध कराए गए स्थानों के संबंध में प्रति यूनिट एक रुपये की दर से भुगतान किया जाएगा।

महानगर में ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए यूपीआरईवी को ही स्थान दिया जा रहा है। आठ स्थान उपलब्ध कराने के बाद अब वहां चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की दिशा में आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इससे शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए जरूरी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और भविष्य में इन वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ावा मिल सकेगा।- अतुल कुमार, अपर नगर आयुक्त

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में मिली लाश का कर दिया था अंतिम संस्कार, गुजरात के नारी संरक्षण केंद्र में मिली लड़की