गोरखपुर में इलेक्ट्रिक बसों के लिए हरसेवकपुर और कोनी में बनेंगे नए डिपो, रोडवेज को सौंपी गई जमीन
गोरखपुर में 150 नई एसी इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए हरसेवकपुर नंबर दो और सोनबरसा मार्ग पर कोनी में ...और पढ़ें

HighLights
गोरखपुर में 150 नई एसी इलेक्ट्रिक बसों का संचालन होगा।
हरसेवकपुर नंबर दो और कोनी में बस डिपो बनेंगे।
नगर निगम ने रोडवेज को तीन-तीन एकड़ जमीन सौंपी।
नगर निगम ने दोनों स्थानों पर तीन-तीन एकड़ जमीन चिह्नित कर रोडवेज को सौंपी गई
150 नई एसी इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की तैयारी तेज
पहले चिह्नित भूमि रोडवेज ने कर दी थी खारिज
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। शहर में सार्वजनिक परिवहन को प्रदूषण मुक्त और आधुनिक बनाने की दिशा में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की तैयारी तेज हो गई है। 150 नई एसी इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए हरसेवकपुर नंबर दो और सोनबरसा मार्ग पर कोनी में बस डिपो बनाए जाएंगे। नगर निगम ने दोनों स्थानों पर तीन-तीन एकड़ जमीन चिह्नित कर उत्तर प्रदेश परिवहन निगम को सौंप दी है। इसकी सूचना परिवहन निगम के साथ जिला प्रशासन को भी दे दी गई है।
इन दोनों स्थानों पर बसों की पार्किंग, चार्जिंग स्टेशन और जरूरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे नई इलेक्ट्रिक बसों के संचालन और रखरखाव की व्यवस्था एक ही परिसर से हो सकेगी। शहर में बढ़ते यातायात के दबाव को देखते हुए इस परियोजना को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नई बसों के सड़क पर उतरने से यात्रियों को वातानुकूलित और सुविधाजनक परिवहन सेवा मिलेगी। साथ ही डीजल से चलने वाले वाहनों पर निर्भरता घटने से वायु प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी।
पहले चिह्नित जमीन रोडवेज ने कर दी थी खारिज
इलेक्ट्रिक बस डिपो के लिए नगर निगम पहले भी दो स्थानों पर जमीन चिह्नित कर चुका था। इनमें सहारा एस्टेट मार्ग से आगे खोराबार क्षेत्र में कोनी के पास बसंतपुर खास क्षेत्र की जमीन भी शामिल थी। हालांकि, रोडवेज ने उस जमीन को डिपो निर्माण के लिए उपयुक्त नहीं मानते हुए खारिज कर दिया था। इसके बाद नए सिरे से जमीन की तलाश की गई। अब हरसेवकपुर नंबर दो और सोनबरसा मार्ग पर कोनी में जमीन चिह्नित की गई है। दोनों स्थानों पर उपलब्ध तीन-तीन एकड़ जमीन को रोडवेज को सौंपने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर जेल में बंद भाजपा के पूर्व नेता छोटेलाल पासवान का निधन, बीआरडी में चल रहा था इलाज
कैबिनेट से मिल चुकी है परियोजना को मंजूरी
गोरखपुर में 150 नई एसी इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की परियोजना को उत्तर प्रदेश कैबिनेट की मंजूरी मिल चुकी है। गोरखपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड (जीसीटीएसएल), नगर निगम और उत्तर प्रदेश परिवहन निगम संयुक्त रूप से इसे धरातल पर उतारेंगे। इसके तहत बसों के संचालन के साथ चार्जिंग डिपो और जरूरी आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
हरसेवकपुर नंबर दो और कोनी में तीन-तीन एकड़ जमीन चिह्नित कर रोडवेज को उपलब्ध करा दी गई है। इसकी सूचना संबंधित विभागों और जिला प्रशासन को भी दे दी गई है। अब परिवहन निगम की ओर से आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-अतुल कुमार, अपर नगर आयुक्त