विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में चलेंगी 150 इलेक्ट्रिक बसें, चार्जिंग प्वाइंट के लिए 8 एकड़ भूमि की तलाश तेज

Published: Mon, 05 Oct 2026 08:30 PM (IST)

गोरखपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड इलेक्ट्रिक बसों के चार्जिंग प्वाइंट के लिए नई जमीन तलाश रहा है, क्योंकि पहले मिली भूमि अनुपयुक्त पाई गई थी।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग प्वाइंट के लिए नई जमीन की तलाश।

  2. पहले मिली कोनी, बसंतपुर खास की जमीन खारिज हुई।

  3. गोरखपुर में 150 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन प्रस्तावित।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग प्वाइंट के लिए कोनी और बसंतपुर खास में मिली भूमि खारिज करने के बाद गोरखपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड ने फिर से जमीन की तलाश तेज कर दी है। लिमिटेड ने जगदीशपुर के पास कोनी में एक और जमीन खोज ली है।

अधिकारियों ने लगभग चार एकड़ से अधिक भूमि का सर्वे करने के बाद सहमति जता दी है। जल्द ही नगर निगम व जिला प्रशासन को प्रस्ताव भेज दिया जाएगा। प्रस्ताव पर सहमति बनते ही आगे की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

गोरखपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड ने नगर निगम की ओर से कोनी और बसंतपुर खास में उपलब्ध कराई गई भूमि को अनुपयुक्त मानते हुए खारिज कर दिया है। काफी ज्यादा गड्ढे वाली भूमि होने की वजह से बसंतपुर खास की भूमि और ऊपर से हाईटेंशन तार गुजरने की वजह से कोनी की भूमि खारिज की गई है।

दोनों स्थानों की जमीन मिलाकर करीब 4.75 एकड़ उपलब्ध कराई गई थी, जबकि नई व्यवस्था के लिए कुल आठ एकड़ एकमुश्त जमीन की जरूरत है। प्रदेश में 18 शहरों के लिए कुल 1725 इलेक्ट्रिक बसों की योजना है।

गोरखपुर के हिस्से में 150 बसें प्रस्तावित हैं। बसों के संचालन से पहले चार्जिंग प्वाइंट और डिपो तैयार करना जरूरी है। इसी क्रम में भूमि की तलाश की जा रही है।

गोरखपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी लव कुमार सिंह ने नगर आयुक्त अजय जैन को नए सिरे से पत्र भेजकर मानक के अनुरूप आठ एकड़ जमीन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। साथ ही भूमि की तलाश भी शुरू कर दी है। जबकि, नगर निगम क्षेत्र में कहीं भी एकमुश्त आठ एकड़ भूमि उपलब्ध नहीं है।

महानगर के विभिन्न रूटों पर पहले से 25 इलेक्ट्रिक बसें चल रही हैं। इसके लिए महेसरा डिपो स्थापित हैं। डिपो में ही इलेक्ट्रिक चार्जिंग प्वाइंट हैं, जो चल रही बसों को तो चार्ज कर देती हैं, लेकिन संख्या बढ़ने पर और बसें चार्ज नहीं हो पाएंगी।

ऐसे में गोरखपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड ने और युद्ध स्तर पर चार्जिंग प्वाइंट तैयार करने की कवायद शुरू कर दी है। ताकि, और बसें मिलने के बाद उन्हें निर्बाध संचालित किया जा सके।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में दुर्गा पूजा-दशहरा के लिए गाइडलाइन जारी, धीमी आवाज में बजेंगे म्यूजिक सिस्टम; आपत्तिजनक गानों पर रोक