विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर का डोमिनगढ़ स्टेशन पर ट्रेनों की कमान अब महिलाओं के हाथ, बनेगा मॉडल

Published: Fri, 26 Jun 2026 02:46 PM (IST)

गोरखपुर के डोमिनगढ़ रेलवे स्टेशन का संचालन अब पूरी तरह महिलाओं के हाथों में होगा। स्टेशन मास्टर सहित सभी पदों ...और पढ़ें

डोमिनगढ़ स्टेशन पर महिला स्टेशन मास्टर से आवश्यक जानकारी प्राप्त करतीं अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नीतू। फोटो- रेलवे

डोमिनगढ़ स्टेशन पर महिला स्टेशन मास्टर से आवश्यक जानकारी प्राप्त करतीं अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नीतू। फोटो- रेलवे 

HighLights

  1. डोमिनगढ़ स्टेशन पर ट्रेनों की कमान अब महिलाओं के हाथ।

  2. यह स्टेशन पूरी तरह महिला संचालित मॉडल स्टेशन के रूप में विकसित।

  3. महिला कर्मचारियों की सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। डोमिनगढ़ रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की कमान महिलाओं के हाथ में आ गई है। महिलाएं ही ट्रेनों को कंट्रोल कर रही हैं। स्टेशन मास्टर के पद पर सिर्फ महिलाओं की तैनाती हुई है। जल्द ही स्टेशन के सभी पद महिलाओं से भर दिए जाएंगे।

पांच स्टेशन मास्टर के अलावा अन्य पदों पर भी महिलाओं की तैनाती ने तेजी पकड़ ली है। जल्द ही ट्रेन संचालन से लगायत वाणिज्य और सुरक्षा बल समेत स्टेशन की पूरी व्यवस्था महिलाओं के जिम्मे सौंप दी जाएगी। महिला संचालित माडल स्टेशन के रूप में विकसित करने के लिए परिसर का कायाकल्प भी शुरू हो गया है।

मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन में डोमिनगढ़ स्टेशन पर परिचालन, वाणिज्य एवं अन्य संबंधित विभागों के कार्यों का दायित्व चरणबद्ध तरीके से महिला कर्मचारियों को सौंपा जा रहा है। वर्तमान में अधिकतर कार्यों का संचालन महिला कर्मचारी दक्षता पूर्वक कर रही हैं और जल्द ही डोमिंगढ़ स्टेशन पूरी तरह महिला कर्मचारियों द्वारा संचालित स्टेशन के रूप में स्थापित होगा।

स्टेशन को महिला संचालित माडल स्टेशन के रूप में विकसित करने के लिए यात्रियों, विशेषकर महिला यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके तहत पुराने सीसी कैमरों का जीर्णोद्धार, नए कैमरों की स्थापना, बेहतर बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल उपलब्धता, महिला चेंजिंग रूम का निर्माण, नए एयर कंडीशनर की स्थापना समेत अनेक यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

बुधवार को अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नीतू ने डोमिंगढ़ रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन पर कार्यरत महिला कर्मचारियों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को विस्तार से सुना। उन्होंने कर्मचारियों को आत्मविश्वास और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि महिला कर्मचारियों की सुरक्षा, सुविधा और सम्मानजनक कार्य वातावरण सुनिश्चित करना रेलवे प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

यह भी पढ़ें- यात्रीगण कृपया ध्यान दें... पांच और फेरे में चलेगी गोरखपुर- हैदराबाद समर स्पेशल

इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को महिला सुरक्षा, आधारभूत सुविधाओं और कार्यस्थल के वातावरण को और अधिक बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम शीघ्र उठाने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अपर मंडल प्रबंधक ने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

रेलवे प्रशासन का लक्ष्य डोमिनगढ़ स्टेशन को जल्द ही एक सुरक्षित, आधुनिक, यात्री-अनुकूल और पूर्णतः महिला-संचालित स्टेशन के रूप में विकसित करना है। डोमिनगढ़ स्टेशन का यह न केवल महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, बल्कि रेलवे के समावेशी और सुरक्षित कार्यस्थल के संकल्प को भी मजबूती प्रदान करेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।