विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चक्रवाती तूफान 'अर्नब' के चलते यूपी में बदलेगा मौसम, गोरखपुर में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

Published: Thu, 29 Oct 2026 10:28 PM (IST)

चक्रवाती तूफान 'अर्नब' के प्रभाव से गोरखपुर में शुक्रवार को तेज हवाओं के साथ भारी बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की आशंका है।

चक्रवाती तूफान अर्नब के चलते यूपी में बदलेगा मौसम।

चक्रवाती तूफान अर्नब के चलते यूपी में बदलेगा मौसम।

HighLights

  1. गोरखपुर में चक्रवाती तूफान 'अर्नब' से भारी बारिश की आशंका।

  2. प्रशासन ने अलर्ट जारी कर कंट्रोल रूम स्थापित किया।

  3. किसानों और नागरिकों को सुरक्षा उपाय अपनाने की अपील।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से शुक्रवार को तेज हवा चलने और गरज-चमक, वज्रपात व भारी वर्षा की आशंका है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। आपदा की स्थिति में सूचना देने के लिए जनपद स्तरीय कंट्रोल रूम बनाया गया है। इसके हेल्पलाइन नंबर 05512201776, 9454416252 और 9194116252 हैं।

राहत आयुक्त कार्यालय और मौसम विभाग की चेतावनी के बाद अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) जय प्रकाश ने संबंधित विभागों को जन-धन की सुरक्षा के लिए तत्काल तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। जिला स्तरीय आपदा नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय रहेगा। राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा गया है।

किसानों को तैयार फसलों की शीघ्र कटाई करने और कटी फसल व खुले में रखे अनाज को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के लिए इंटरनेट मीडिया से जागरूक किया जा रहा है।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के विशेषज्ञ गौतम गुप्ता ने बताया कि तूफान में जर्जर मकान ढहने का खतरा है। ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों को ऐसे मकानों व असुरक्षित ढांचों की पहचान कर वहां रहने वालों को राहत शिविरों, रैन बसेरों या अन्य सुरक्षित भवनों में पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।

जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों में नालों की सफाई और पानी निकालने के लिए पंपों की व्यवस्था करने को कहा गया है। पेड़ गिरने से यातायात बाधित होने पर कार्रवाई के लिए संसाधनों सहित त्वरित कार्रवाई दल तैनात होंगे।

प्रशासन ने खराब मौसम में खुले मैदान, खेत, जलभराव वाले क्षेत्रों और ऊंचे पेड़ों के नीचे शरण न लेने, अनावश्यक आवागमन से बचने और ‘सचेत’ व ‘दामिनी’ एप की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है। जनहानि, पशुहानि या फसल व मकान क्षति पर आकलन कर नियमानुसार राहत दी जाएगी। कंट्रोल रूम में सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई होगी।

यह भी पढ़ें- यूपी में कल मौसम बदलने वाला है, साइक्लोन Arnab के चलते 40 Km की रफ्तार से आ सकती है आंधी