Gorakhpur coronavirus: कोरोना के 22 नए मरीज, अब तक 20637 संक्रमित
Gorakhpur coronavirus 19 December 2020 गोरखपुर और बस्ती मंडल में कोरोनावायरस से हुई मौत संक्रमितों की संख्या कोरोना से संबंधित अन्य जानकारियों के लिए पढ़ें जागरण डाट काम की खबरें। अपडेट की जानकारी के लिए कृपया बने रहें हमारे साथ।
गोरखपुर, जेएनएन। जिले में कोरोना संक्रमण के नमूनों की जांच में 2708 निगेटिव व 22 लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव आई। इसमें शहर के 12 लोग हैं। जिले में संक्रमितों की कुल संख्या 20637 हो गई है। 332 की मौत हो चुकी है। 19947 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। 358 सक्रिय मरीज हैं। सीएमओ डा. श्रीकांत तिवारी ने इसकी पुष्टि की है।
जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बहुत कम हो गई है। सितंबर में रोज दो-ढाई सौ से ज्यादा लोग संक्रमित मिल रहे थे। अब यह संख्या 50 के अंदर सिमट गई है। सक्रिय मरीजों की संख्या भी लगभग 10 फीसद रह गई है। सितंबर में तीन हजार से अधिक सक्रिय मरीज थे। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि सतर्कता व बचाव के उपायों से कोरोना संक्रमण काफी कम हो गया है। यह समाप्त होने के कगार पर है। सीएमओ ने कहा कि आम जन बचाव के उपायों का पालन पूर्व की भांति करते रहें। शीघ्र ही जिले से कोराना विदा हो जाएगा।
देवरिया में पुलिस कर्मी समेत 13 मिले कोरोना पाजिटिव
देवरिया जिले में कोरोना का संक्रमण धीरे-धीरे बढ़ रहा है। शुक्रवार को मेडिकल कालेज गोरखपुर से आई कोरोना जांच रिपोर्ट में 13 पाजिटिव व 1472 निगेटिव हैं। पाजिटिव में दो स्कूली छात्र, एक पुलिस लाइन में तैनात पुलिस कर्मी शामिल है। पनिका स्थित जिस स्कूल के छात्र पाजिटिव आए हैं उस स्कूल में खलबली मची है। ये दोनों छात्रा जिसके भी संपर्क में रहे हैं उसकी कोरोना जांच के लिए सूची तैयार की जा रही है। इसके साथ ही कारोना संक्रमितों की कुल संख्या अब 6656 हो गई है। स्वस्थ होने वालों की संख्या 6438 है। एक्टिव केस की संख्या 128 है। कोरोना से मरने वालों की संख्या 90 है।
कोरोना संक्रमण जिले में कम जरूर हुआ है लेकिन समाप्त नहीं हुआ है। कुछ न कुछ कोराना पाजिटिव हर रोज आ रहे हैं। ऐसे में विभागीय अधिकारियों का ङ्क्षचता करना लाजिमी है। कंचनपुर स्थित विद्यालय व जिला अस्पताल के अलावा सभी सीएचसी, पीएचसी व केंद्रों पर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी कोरोना की जांच कर रहे हैं। सीएमओ डा. आलोक पांडेय ने कहा कि आज 13 की जांच रिपोर्ट पाजिटिव आई है। कोरोना को लेकर हम लोग पूरी तरह सतर्क हैं। वैक्सीन लगाने की तैयारी में जुटे हैं।