गोरखपुर मतांतरण केस: आरोपितों को मिली जमानत, मुख्य सरगना विल्सन की तलाश जारी
गोरखपुर के गुलरिहा क्षेत्र में मतांतरण के आरोप में गिरफ्तार मां-बेटे समेत चार लोगों को कोर्ट ने निजी मुचलके पर ...और पढ़ें

इंटरनेट मीडिया पर आकर्षक विज्ञापन से लोगों को फांस रहे हैं जालसाज। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
मतांतरण के आरोप में चार लोगों को जमानत मिली।
मुख्य आरोपित विल्सन की तलाश में जुटी है पुलिस।
रुपये और बीमारी ठीक करने का झांसा दिया जाता था।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। गुलरिहा क्षेत्र में मतांतरण की कोशिश में गिरफ्तार मां- बेटे सहित चारों आरोपितों को पुलिस ने सोमवार को कोर्ट में पेश किया। उनकी न्यायिक अभिरक्षा के लिए आवेदन किया। कोर्ट ने आवेदन को निरस्त करते हुए आरोपितों को निजी मुचलके पर जमानत दे दी। बताया जाता है कि पर्याप्त साक्ष्यों के अभाव में आरोपितों को राहत मिल गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में मुख्य आरोपित, बिहार के रहने वाले विल्सन की तलाश की जा रही है। मोबाइल फोन नंबर के आधार पर एक दूसरे से जुड़ाव की कड़ी जोड़ी जा रही है।
रविवार को गोरखनाथ थाना क्षेत्र के सूरजकुंड में रहने वाले शीतल मिश्रा ने गुलरिहा थाने में तहरीर दी। बताया कि कुछ लोग रुपये का लालच देकर मतांतरण के लिए ग्रामीणों को प्रेरित करते हैं। पुलिस ने कुशीनगर जिले के रामकोला क्षेत्र के परवरपार की रीता देवी, उसका पुत्र अमित सिंह, पीपीगंज के वार्ड नंबर छह के कन्हैया यादव और गुलरिहा क्षेत्र के सरहरी में रहने वाले विक्की कुमार को गिरफ्तार किया।
आरोपितों ने पुलिस को बताया कि बिहार का रहने वाले विल्सन उन लोगों को अपने साथ मिलाकर इन गतिविधियों को संचालित करता है। वह लोग वाट्सएप ग्रुप बनाकर लोगों को जोड़ते हैं। बीमारी ठीक करने सहित आर्थिक समस्याओं का समाधान करने का झांसा देकर मतांतरण के लिए प्रेरित करते हैं। पुलिस की जांच में सामने आया कि रीता देवी ने स्वयं सहायता समूह से 50 हजार रुपये कर्ज लिया था, जो चुका नहीं पाई।
इससे वह विक्की ने विल्सन की मदद से उसका कर्ज माफ करा दिया था। इसके साथ ही एक युवक की पथरी का उपचार कराने का झांसा दिया गया। रविवार को ऐसे ही लोगों को एक मकान में उपचार के बहाने बुलाकर मतांतरण के लिए उकसाया जा रहा था। तभी पुलिस पुलिस ने उनको पकड़ लिया। इस दौरान धार्मिंक पुस्तकें, लाकेट सहित अन्य सामग्री भी मिली।
इस संबंध में एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि जल्द ही विल्सन की गिरफ्तारी की जाएगी। उसके किन लोगों से किस तरह के जुड़ाव हैं। इन कार्यों के लिए धन कौन उपलब्ध कराता है, सहित अन्य बिंदुओं पर छानबीन की जा रही है।
