विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शादी के लिए राजस्थान से गोरखपुर पहुंचा दूल्हा, 'कोर्ट मैरिज' का नाम सुनते ही 90 हजार लेकर गायब हुई दुल्हन

Published: Fri, 27 Nov 2026 07:25 PM (GMT+05:30)

राजस्थान से गोरखपुर शादी करने आए युवक के परिवार को झटका लगा, जब कोर्ट मैरिज की बात पर दुल्हन 90 हजार रुपये लेकर गायब हो गई।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. राजस्थान से आए दूल्हे को गोरखपुर में शादी का झांसा।

  2. कोर्ट मैरिज सुनते ही दुल्हन 90 हजार रुपये लेकर फरार।

  3. पुलिस ने युवती और मध्यस्थ महिला को पूछताछ के लिए बुलाया।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। शादी की उम्मीद लेकर राजस्थान के अलवर से गोरखपुर पहुंचे युवक के परिवार को उस समय झटका लगा, जब कोर्ट मैरिज की बात उठते ही होने वाली दुल्हन वहां से चली गई। परिवार का आरोप है कि शादी कराने का भरोसा देकर मध्यस्थता करने वाली महिला ने उनसे 90 हजार रुपये लिए थे।

मामला एम्स थाना क्षेत्र के बुढ़िया माई मंदिर का है। परिवार ने डायल 112 पर सूचना दी तो पुलिस सक्रिय हुई। देर शाम युवती थाने पहुंची, जबकि मध्यस्थ महिला को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है।

जानकारी के मुताबिक, अलवर निवासी युवक की शादी कराने का झांसा देकर उसे परिवार के साथ शुक्रवार को गोरखपुर बुलाया गया था। बुढ़िया माई मंदिर में युवती से शादी कराने की बात तय हुई थी।

परिवार का आरोप है कि इस व्यवस्था के लिए मध्यस्थता करने वाली महिला को 90 हजार रुपये दिए गए थे। दोपहर में दो बजे शादी की रस्म पूरी करने की तैयारी के बीच युवक के परिवार ने कोर्ट मैरिज कराने की बात कही।

आरोप है कि यह सुनते ही युवती वहां से चली गई। इससे परिवार को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी। डायल 112 की सूचना पर पहुंची एम्स थाना पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई।

पुलिस के बुलाने पर युवती देर शाम एम्स थाने पहुंच गई। शादी कराने में मध्यस्थता करने वाली महिला को भी थाने बुलाया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शादी कराने के नाम पर रुपये किस आधार पर लिए गए और इसमें किन लोगों की भूमिका है।

सीओ कैंट अरुण कुमार एस ने बताया कि शादी करने आए युवक के अलावा युवती भी थाने पहुंच गई है। शादी कराने में जिन लोगों की भूमिका सामने आई है, उन्हें बुलाकर पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।