विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर बीआरडी मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम विवाद तीमारदारों और डॉक्टरों के बीच झड़प, जांच कमेटी गठित

Published: Wed, 07 Oct 2026 07:07 PM (GMT+05:30)

गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में सड़क दुर्घटना में घायल मरीज की मौत के बाद पोस्टमार्टम को लेकर तीमारदारों और जूनियर डॉक्टरों के बीच विवाद हो गया।

HighLights

  1. बीआरडी मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम को लेकर तीमारदारों-डॉक्टरों में विवाद।

  2. घायल मरीज की मौत के बाद मारपीट का आरोप लगा।

  3. पुलिस हस्तक्षेप से पोस्टमार्टम प्रक्रिया शुरू, जांच कमेटी गठित।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कॉलेज में सड़क दुर्घटना में घायल मरीज की मौत के बाद पोस्टमार्टम कराने की बात को लेकर मंगलवार देर रात तीमारदारों और जूनियर डाक्टरों के बीच विवाद हो गया। तीमारदारों ने जूनियर डाक्टरों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने शव को मोच्यूरी हाउस भेजकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कराई।

संतकबीरनगर के तेनुहारी सोयम गांव निवासी 45 वर्षीय उमाकांत चौधरी तीन अक्टूबर को सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल संतकबीरनगर में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।

सिर में चोट को देखते हुए उमाकांत को मेडिसिन इमरजेंसी के वार्ड नंबर 11 में भर्ती किया गया। स्वजन उनका आरोप है कि रेफर पर्ची पर सड़क दुर्घटना यानी आरटीए दर्ज होने के बावजूद मरीज को मेडिसिन वार्ड में भर्ती किया गया। मंगलवार रात करीब 12 बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात जूनियर डाक्टरों ने डेथ सर्टिफिकेट जारी कर शव घर ले जाने को कहा। इस पर तीमारदारों ने दुर्घटना में हुई मौत के कारण पोस्टमार्टम कराने की मांग की। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। तीमारदारों का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर वार्ड नंबर 11 की गैलरी का चैनल गेट बंद कर उनके साथ मारपीट की गई।

पोस्टमार्टम कराने की मांग को लेकर रात से बुधवार की सुबह करीब सात बजे तक हंगामा चलता रहा। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद पोस्टमार्टम के लिए मेमो तैयार कर गुलरिहा पुलिस को भेजा गया, जिसके बाद प्रक्रिया आगे बढ़ सकी।

बीआरडी मेडिकल कॉलेज के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. अशोक यादव ने बताया कि घटना की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।