गोरखपुर में विरासत गलियारा के पास चौथी मंजिल से गिरा छज्जा, बाइक हुई क्षतिग्रस्त
गोरखपुर के नखास चौक स्थित विरासत गलियारा में एक चार मंजिला मकान का छज्जा गिरने से नीचे खड़ी एक बाइक ...और पढ़ें

नखास में छज्जा गिरने के बाद मलबा हटाते मजदूर। जागरण
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। विरासत गलियारा में नखास चौक के पास बुधवार की शाम चौथी मंजिल का छज्जा गिर गया। इसके नीचे एक बाइक दब गई। थोड़ी देर के लिए यहां अफरा-तफरी का माहौल हो गया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचकर मलबा हटवाने लगी। कुछ देर बाद ही सिटी मजिस्ट्रेट भी मौके पर पहुंचे और देर तक जमे रहे।
कोतवाली थाना के नखास चौक से रेती चौक जाने वाले मार्ग पर पूर्व की तरफ जिशान की चार मंजिला मकान है। विरासत गलियारा बनने के दौरान मकान का अगला हिस्सा टूट गया। अब इसे ठीक कराने का कार्य चल रहा है। दो दिन पूर्व तक कुछ काम कराया गया। बांस-बल्ली के सहारे टूटने के बाद बचे हिस्से को रोका गया है। बुधवार की शाम साढ़े छह बजे चौथी मंजिल का छज्जा अचानक गिर गया।
इससे नीचे खड़ी बरगदवा के राहुल निषाद की बाइक दब गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार दौड़कर पहुंचे। दुकानदारों ने बताया कि जहां छज्जा गिरा है, वहां जलापूर्ति की टोटी लगी है। आसपास के लोग हमेशा हाथ-मुंह धोने व पानी पीने आते-जाते रहते हैं।
संयोग से छज्जा गिरने के दौरान कोई नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो गया होता। छज्जा में केवल एक बाइक ही दबकर रह गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस पहुंची और मलबा हटवाने लगी। देर रात तक मलबा हटाने का कार्य चलता रहा। सिटी मजिस्ट्रेट भी मौके पर मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में बोले सीएम योगी- 'भगवान विश्वकर्मा सृष्टि के, तो पीएम मोदी नए भारत के शिल्पी'
चार मंजिला मकान पर लगवाया है टावर
नखास चौक पर मकान का छज्जा जहां से गिरा, उससे कुछ ही फीट की दूरी पर किसी निजी कंपनी का टावर लगाया गया है। आसपास के लोगों का कहना था कि यदि टावर भी गिरा होता तो विरासत गलियारा की पूरी सड़क चपेट में आई होती और तब बड़ा हादसा हुआ होता। बताया जा रहा है कि टावर के बगल में पांचवीं मंजिल भी बनाई जा रही है। आसपास की कई और मकानों की हालत भी जर्जर है।
