जिस बैकहो लोडर ने अखिलेश यादव पर बरसाए फूल, उसी ने BJP नेता के बेटे की ली जान; क्या रोड शो में 'भारी वाहन' ले जाने का नियम है?
गोरखपुर में अखिलेश यादव के रोड शो में शामिल एक बैकहो लोडर की टक्कर से ओंकार सिंह के बड़े बेटे की मौत हो गई।

लोगों की भीड़ से सड़क जाम और जानलेवा बैकहो लोडर। जागरण
HighLights
गोरखपुर में अखिलेश यादव रोड शो के बैकहो लोडर से हादसा।
चौरी-चौरा निवासी ओंकार सिंह के बड़े बेटे की मौत।
परिजनों और स्थानीय लोगों ने चार घंटे सड़क जाम की।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। चौरी-चौरा के राजधानी निवासी ओंकार को 3 पीढ़ी बाद दो बेटे हुए थे। लेकिन, बुधवार को सड़क हादसे ने बड़े बेटे को छिन लिया, बेटे को खोने के गम में डूबे परिवार का धैर्य भी उस समय जवाब दे गया, जब हादसे के बाद पुलिस की ओर से ठोस कार्रवाई होती नहीं दिखी। करीब चार घंटे तक इंतजार करने के बाद शाम छह बजे स्थानीय पार्षद रणवीजय जुगुनु के नेतृत्व में मोहल्ले के लोग, स्वजन और भाजपा कार्यकर्ता झारखंडी मोड़ पर धरने पर बैठ गए।
देखते ही देखते गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर यातायात ठप हो गया। सड़क के दोनों तरफ तीन किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। एक तरफ परिवार न्याय की गुहार लगा रहा था तो दूसरी तरफ हजारों राहगीर जाम में फंसे रहे। तीन घंटे बाद जिलाधिकारी और एसएसपी के पहुंचने और आश्वासन मिलने पर प्रदर्शन समाप्त हुआ। इसके बाद दोनों अधिकारी पीड़ित परिवार के घर भी पहुंचे।
इस दौरान भाजपा के जिला महामंत्री योगेश प्रताप सिंह समेत कई पदाधिकारी पीड़ित परिवार के घर मौजूद रहे। जिलाधिकारी के निर्देश पर देर रात शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। चौरी चौरा राजधानी के रहने वाले ओंकार सिंह झारखंडी के आवास-विकास कालोनी में मकान बनवाकर परिवार के साथ रहते है। स्वजन के अनुसार तीन पीढ़ी बाद उनके दो बेटे हुए थे। लेकिन, सपा प्रमुख अखिलेश यादव के रोड शो में शामिल बैकहो लोडर की टक्कर से उनके बड़े बेटे की मौत हो गई।
रैली, रोड शो में बैकहो लोडर ले जाने का नहीं है नियम
सभा, रैली या रोड शो में बैकहो लोडर शामिल करने का नियम नहीं है। इसके बावजूद सपा प्रमुख अखिलेश यादव के रोड शो में बड़ी संख्या में बैकहो लोडर शामिल हुए। आयोजकों और कार्यकर्ताओं ने इनसे पुष्प वर्षा कराई। कार्यक्रम समाप्त होने और रोड शो आगे निकलने के बाद चालक बैकहो लोडर तेज रफ्तार से दौड़ाते नजर आए।
जिस बैकहो लोडर से किशोर की मौत हुई, उसका चालक भी हादसे के बाद वाहन लेकर तेजी से भागने लगा। इसी दौरान सड़क पर जाम में फंसे लोगों की आवाजाही बढ़ गई थी। घटना देख रहे एक यूट्यूबर ने चालक को रोकने के लिए चिल्लाते हुए बताया कि उसने किशोर को कुचल दिया है। इसके बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। फिर मौके पर पहुंची पुलिस ने बैकहो लोडर को कब्जे में ले लिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।