विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में एयर कंप्रेसर टैंक फटने से दो लोग घायल, एक का हाथ कटकर हुआ अलग

Published: Tue, 06 Oct 2026 12:14 PM (GMT+05:30)

गोरखपुर के एक धुलाई सेंटर पर एयर कंप्रेसर की टंकी फटने से भीषण हादसा हो गया। इसमें संचालक आनंद सिंह का दाहिना हाथ कटकर अलग हो गया।

News Article Hero Image

HighLights

  1. धुलाई सेंटर पर एयर कंप्रेसर टंकी फटने से हादसा।

  2. संचालक आनंद सिंह का दाहिना हाथ कटकर अलग हुआ।

  3. विशाल सिंह गंभीर घायल, दोनों बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। धुलाई सेंटर पर मंगलवार की सुबह एयर कंप्रेसर की टंकी फटने से बड़ा हादसा हो गया। टंकी का धमाका इतना तेज था कि उसके पास संचालक खड़े आनंद सिंह का दाहिना हाथ कोहनी के पास से कटकर दूर खेत में जा गिरा। वहीं पास में मौजूद विशाल सिंह भी टंकी के मलबे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। आनंद की हालत नाजुक बताई जा रही है।

चिलुआताल के बलुआ गांव निवासी आनंद सिंह गांव के बाहर धुलाई सेंटर चलाते हैं। मंगलवार की सुबह करीब 8:45 बजे वह एयर कंप्रेसर की टंकी में हवा भर रहे थे। कुछ देर बाद हवा का दबाव जांचने के लिए जैसे ही वह टंकी के पास पहुंचे, अचानक तेज धमाके के साथ टंकी फट गई।

धमाके की चपेट में आने से आनंद का दाहिना हाथ कोहनी के पास से कट गया और 20 मीटर दूर खेत में जा गिरा। वहीं, पास में मौजूद विशाल सिंह टंकी के मलबे की चपेट में आ गए। उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। धमाका होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई।

आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरु अस्पताल पहुंचाया। सीओ कैंपियरगंज अनुराग सिंह ने बताया कि कंप्रेसर फटने से हादसा हुआ है। चिलुआताल थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में खेल कोटे से मिली थी नौकरी, 40 साल बाद अब 25 लाख की वसूली की तैयारी; व्यवस्था पर उठे सवाल