पति के साथ मिलकर की प्रेमी की हत्या, जानें क्या था कारण..
शादी के बाद भी प्रेमिका से संबंध तोड़ने के तैयार नहीं हुआ तो प्रेमिका ने अपने पति के साथ मिलकर प्रेमी की हत्या कर दी। इसके बाद शव को गांव के बाहर आलू के खेत में दफना दिया।
गोरखपुर, जेएनएन। शादी के बाद भी प्रेमिका से संबंध तोड़ने के तैयार नहीं हुआ तो प्रेमिका ने अपने पति के साथ मिलकर प्रेमी की हत्या कर दी। इसके बाद शव को गांव के बाहर आलू के खेत में दफना दिया। शव मिलने के बाद युवक के घरवालों ने स्थानीय पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए गोरखपुर-वाराणसी मार्ग जाम कर दिया। अधिकारियों के समझाने पर एक घंटे बाद जाम समाप्त किया।
बेलपार गांव निवासी शेषनाथ मौर्य दिल्ली की एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। बहन की शादी में शामिल होने 18 फरवरी को घर आया था। 22 फरवरी की रात में फोन आने पर शेषनाथ बाइक से निकला तबसे लापता था। 26 फरवरी को उसकी बाइक गगहा क्षेत्र में रियांव मोड़ पर लावारिस हाल में मिली थी। छानबीन में पता चला कि 22 फरवरी की शाम प्रेमिका का फोन आने पर शेषनाथ घर से निकला था। देर रात तक फोन पर दोनों की बात हुई थी। परिवार के लोगों ने जगदीशपुर गांव में रहने वाली शेषनाथ की प्रेमिका पर अपहरण कराने का संदेह जताया था।
गोला पुलिस ने परिवारीजनों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया था। इस बीच परिवार के लोगों ने उच्चाधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर स्थानीय पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया था। अधिकारियों के निर्देश पर हरकत में आई गोला पुलिस ने मंगलवार सुबह जगदीशपुर गांव में रहने वाली शेषनाथ की प्रेमिका और उसके पति को हिरासत में ले लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों टूट गए। मंगलवार को उनकी गोला पुलिस ने जगदीशपुर गांव के खेत में दफनाया गया शव बरामद किया। शव पूरी तरह से सड़ चुका था। अर्धनग्न शव के साथ पुलिस ने कब्र से ही बाइक की चाबी भी बरामद की। एसओ गोला नासिर हुसैन ने बताया कि शेषनाथ की प्रेमिका संजू और उसके पति रामशरण को गिरफ्तार कर लिया गया है।
लापरवाही का आरोप लगाकर किया हाईवे जाम
शेषनाथ का शव मिलने के बाद गांव के लोगों ने गोला पुलिस पर लापरवाही आरोप लगाते हुए मुजुरी के पास गोरखपुर-वाराणसी हाईवे जाम कर दिया। फोर्स के साथ पहुंचे सीओ गोला ने दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन देकर एक घंटे बाद जाम खत्म कराया। शेषनाथ की मां मीना देवी और भाई मोनू का कहना था कि पुलिस उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं ले रही थी।
चार भाइयों में सबसे बड़ा था शेषनाथ
चार भाई बहनों में शेषनाथ सबसे बड़ा था। पिता की पहले मौत हो चुकी है। पांच साल पहले उसकी शादी नीतू संग हुई थी। दो बेटे हैं, बड़ा चार साल का जबकि छोटा अभी एक साल का है। परिवार में मां मीना देवी के अलावा दो भाई और एक बहन हैं।