गोरखपुर में 160 एकड़ जमीन पर बनेगा हाईटेक 'प्लग एंड प्ले' इंडस्ट्रियल कॉरिडोर, गीडा ने तैयार की DPR
गीडा धुरियापार में 160 एकड़ में 'प्लग एंड प्ले' औद्योगिक कॉरिडोर विकसित करेगा, जिससे उद्यमियों को तैयार बुनियादी ढांचा मिलेगा।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
गीडा धुरियापार में 160 एकड़ में कॉरिडोर विकसित करेगा।
उद्यमियों को तैयार बुनियादी ढांचा और सुविधाएं मिलेंगी।
डीपीआर संशोधन के बाद सिविल कार्य जल्द शुरू होगा।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। भारत औद्योगिक विकास योजना (भव्या) के तहत गीडा के दक्षिणांचल स्थित धुरियापार में 160 एकड़ क्षेत्रफल में प्लग एंड प्ले औद्योगिक कारिडोर विकसित किया जाएगा। इसके लिए गीडा प्रशासन ने भूमि चिह्नित करने के साथ डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) भी तैयार करा ली है।
हालांकि इसमें कुछ संशोधन किया जा रहा है। कॉरिडोर में उद्यमियों को औद्योगिक इकाई स्थापित करने के लिए जरूरी बुनियादी सुविधाएं पहले से विकसित मिलेंगी। इससे इकाई लगाने की प्रक्रिया आसान होने के साथ उत्पादन शुरू करने में लगने वाला समय भी कम होगा।
केंद्र सरकार की ओर से मार्च 2026 में भारत औद्योगिक विकास योजना को मंजूरी दी गई थी। योजना के तहत देशभर में 100 औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाने हैं। उत्तर प्रदेश में भी सात स्थानों पर औद्योगिक कॉरिडोर विकसित करने का प्रस्ताव है। इसी क्रम में गीडा ने धुरियापार के सेक्टर-6 में 160 एकड़ भूमि का चयन किया है।
सड़क, बिजली और पानी समेत सभी सुविधाएं होंगी विकसित
प्लग एंड प्ले कॉरिडोर में उद्यमियों को औद्योगिक भूखंड के साथ सड़क, बिजली, पानी और अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। गीडा अधिकारियों के अनुसार इन सुविधाओं के विकास के लिए केंद्र सरकार की ओर से फंड उपलब्ध कराया जाएगा। इससे उद्यमियों को अलग-अलग बुनियादी सुविधाएं विकसित करने में शुरुआती स्तर पर अधिक समय और संसाधन खर्च नहीं करने पड़ेंगे।
गीडा में पहले से प्लास्टिक पार्क विकसित किया जा रहा है, जहां इसी तरह औद्योगिक गतिविधियों के लिए आवश्यक सुविधाओं पर जोर दिया गया है। धुरियापार में प्रस्तावित प्लग एंड प्ले कॉरिडोर को भी इसी तर्ज पर विकसित करने की तैयारी है, ताकि निवेशकों को तैयार औद्योगिक ढांचा उपलब्ध कराया जा सके।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में दंत डॉक्टरों का महाजुटान, बताया-डेंटल इंप्लांट से वापस पाएं वही पुरानी असली मुस्कान
डीपीआर में संशोधन के बाद शुरू होगा सिविल वर्क
गीडा प्रशासन ने कॉरिडोर के विकास के लिए डीपीआर तैयार कर ली है। अधिकारियों के अनुसार डीपीआर में कुछ संशोधन करने के निर्देश मिले हैं। संशोधन के बाद प्रस्ताव को अंतिम रूप देकर सिविल वर्क शुरू कराया जाएगा। इसके तहत सड़क, नाली, बिजली, पानी समेत अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास का काम होगा।
कॉरिडोर में सड़क, बिजली, पानी समेत सभी जरूरी सुविधाएं केंद्र सरकार के फंड से विकसित की जाएंगी। डीपीआर में कुछ संशोधन के लिए कहा गया है। संशोधन के बाद सिविल वर्क कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्लग एंड प्ले व्यवस्था से उद्यमियों को तैयार आधारभूत ढांचा मिलने से औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने में सुविधा होगी।
रामप्रकाश, एसीईओ, गीडा
