विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

37 साल में गीडा बना पूर्वांचल का इकोनॉमिक सेंटर, गोरखपुर में लग रहीं बड़ी फैक्ट्रियां; 17650 करोड़ से बदलेगी तस्वीर

Published: Sun, 29 Nov 2026 09:41 PM (IST)

गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) ने 37 वर्षों में पूर्वांचल को एक प्रमुख औद्योगिक केंद्र के रूप में स्थापित किया है। 

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. गीडा ने 37 वर्षों में औद्योगिक विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ।

  2. 17,650 करोड़ रुपये के नए निवेश से औद्योगिक पहचान मजबूत हुई।

  3. बड़े ब्रांडों और परियोजनाओं से हजारों रोजगार के अवसर सृजित हुए।

राजीव रंजन, गोरखपुर। तीन दशक से अधिक की विकास यात्रा में गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) ने औद्योगिक पहचान के लिए लंबा इंतजार किया है। 30 नवंबर 1989 को पूर्वांचल के सुनियोजित औद्योगिक विकास के उद्देश्य से स्थापित गीडा शुरुआती वर्षों में अपेक्षित गति नहीं पकड़ सका। 1989 से 1998 तक औद्योगिक गतिविधियां लगभग ठप रहीं।

वर्ष 2012 से 2017 के बीच भी यहां महज 29.33 करोड़ रुपये का निवेश हुआ। लेकिन पिछले नौ वर्षों में तस्वीर तेजी से बदली है। निवेशकों का भरोसा बढ़ा, बड़े औद्योगिक घराने पहुंचे और गीडा पूर्वांचल के प्रमुख औद्योगिक केंद्र के रूप में उभरने लगा। अब 37वें स्थापना दिवस पर 17,650 करोड़ रुपये के नए निवेश समझौतों ने इस विकास यात्रा को एक और बड़ा पड़ाव दिया है।

29.33 करोड़ से 30 हजार करोड़ तक पहुंचा निवेश

गीडा की विकास यात्रा में वर्ष 2017 निर्णायक मोड़ साबित हुआ। वर्ष 2017 से 2025 के बीच गोरखपुर में 11,618.75 करोड़ रुपये का निवेश आया। मार्च 2025 तक 319 इकाइयां उत्पादन शुरू कर चुकी थीं और उनसे 39,448 लोगों को रोजगार मिला था।

नवंबर 2026 तक पिछले नौ वर्षों का निवेश करीब 30 हजार करोड़ रुपये और औद्योगिक इकाइयों की संख्या 500 से अधिक पहुंचने के साथ रोजगार के अवसर करीब 50 हजार हो गए है।

बड़े ब्रांडों ने बदली औद्योगिक पहचान

लघु उद्योग भारती के क्षेत्रीय अध्यक्ष दीपक कारीवाल ने कहा कि केयान इंडस्ट्रीज, वरुण बेवरेजेज, अमृत बाटलर्स, अंकुर उद्योग, इंडिया आटो व्हील्स और एसडी इंटरनेशनल जैसे निवेशकों की मौजूदगी ने गीडा को नई पहचान दी।

पेप्सिको के उत्पादों से जुड़ी वरुण बेवरेजेज, कोका कोला की अमृत बाटलर्स परियोजना, ज्ञान डेयरी और तत्वा प्लास्टिक्स जैसी इकाइयों ने औद्योगिक गतिविधियों का दायरा बढ़ाया। प्रदेश का पहला प्लास्टिक पार्क, फ्लैटेड फैक्ट्री परिसर, साफ्टवेयर टेक्नोलाजी पार्क और नाइलिट प्रशिक्षण केंद्र भी इस विस्तार का हिस्सा बने हैं।

अब धुरियापार में भविष्य के उद्योगों की तैयारी

चेंबर ऑफ इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष आरएन सिंह ने कहा कि गीडा का विस्तार अब पुराने औद्योगिक क्षेत्र से आगे धुरियापार तक पहुंच रहा है। औद्योगिक भूमि बैंक, प्लग एंड प्ले परिसर, प्रस्तावित साझा अपशिष्ट शोधन संयंत्र और एक्सप्रेसवे से जुड़ाव भविष्य के निवेश की आधारशिला हैं। यहां 120 एकड़ में प्लग एंड प्ले परिसर के लिए 102.35 करोड़ रुपये और चार एमएलडी क्षमता के साझा शोधन संयंत्र के लिए 54 करोड़ रुपये प्रस्तावित हैं।

17,650 करोड़ के निवेश से अगला विस्तार

37वें स्थापना दिवस पर एक्मे की 16 हजार करोड़ रुपये की ग्रीन अमोनिया परियोजना सहित पांच कंपनियों के निवेश समझौते गीडा को हरित ऊर्जा, दवा निर्माण और धातु प्रसंस्करण जैसे नए क्षेत्रों से जोड़ेंगे। साथ में 502 करोड़ रुपये की 104 परियोजनाओं से सड़क और बिजली जैसी सुविधाएं मजबूत होंगी।

उद्यमी व युवाओं के सपनों की यात्रा का गवाह बना गीडा

37 साल पहले खाली भूमि और कुछ फैक्ट्रियों से शुरू हुआ गीडा आज युवाओं के सपनों, रोजगार और आत्मनिर्भरता का केंद्र बन चुका है। स्थापना दिवस समारोह में उद्यमी और युवाओं ने औद्योगिक विकास की इस यात्रा के बदलते स्वरूप को सामने रखा।

तीन साल पहले छोटे स्टार्टअप से शुरुआत की थी। आज उनकी इकाई में 18 युवा काम कर रहे हैं। नौकरी तलाशने से नौकरी देने तक का सफर उनके लिए बड़ी उपलब्धि है। -अमृता राय।

 

पहले युवाओं को नौकरी के लिए दिल्ली-नोएडा जाना पड़ता था, लेकिन अब गीडा में ही इंटर्नशिप और रोजगार के अवसर मिलने लगे हैं। ऐसे में गोरखपुरवासियों को यहीं रोजगार मिल रहा है। -मदन पांडेय।

 

गीडा ने सिर्फ रोजगार नहीं दिया, बल्कि हजारों युवाओं और स्थानीय लोगों को काम दिया है। सेक्टर-15 में बन रही श्रमिक आवास व्यवस्था को बड़ी पहल बताया। इससे बाहरी श्रमिकों को सुरक्षित आवास मिलेगा। -अमित सिंह।

 

नई फैक्ट्रियों, सड़कों और बिजली उपकेंद्रों के विस्तार से तकनीकी युवाओं के लिए अवसर बढ़ेंगे। उनके मुताबिक, हुनर और तकनीक ही युवाओं का भविष्य तय करेंगे। -राजदीप यादव।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।