विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर के गीडा में स्थापित होगी तीन वेयर हाउस इकाइयां, उद्योगों को मिलेगी भंडारण की सुविधा

Published: Wed, 15 Apr 2026 09:57 AM (IST)

गीडा, गोरखपुर में तीन नए वेयरहाउस स्थापित होने की संभावना है। मुंबई की मैसर्स पीपल ट्री लाजिस्टिक प्राइवेट लिमिटेड ने ...और पढ़ें

गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण। जागरण

गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण। जागरण

HighLights

  1. गीडा में तीन नए वेयरहाउस स्थापित करने की तैयारी।

  2. मुंबई की संस्था ने भूमि के लिए किया आवेदन।

  3. यूपीसीडा ने भूमि चिह्नित करने के निर्देश दिए।

जागरण संवाददाता, सहजनवा, (गोरखपुर)। गीडा में जल्द ही वेयर हाउस स्थापित होने की संभावना जगी है। गीडा क्षेत्र में तीन वेयर हाउस के निर्माण के लिए भूमि की मांग की गई है। मांग के आधार पर यूपीसीडा ने गीडा और एसडीएम सहजनवा को पत्र भेज कर भूमि चिह्नित करके विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

इसके बाद तहसील प्रशासन के तरफ से भूमि को चिह्नित करने की लेकर तैयारी तेजी से चल रही है। निर्माण के बाद से उद्यमियों को बड़ी सहूलियत मिल जाएगी। उद्योगों को अपने कच्चे और तैयार माल के रखरखाव को लेकर अब परेशान नहीं होना पड़ेगा।

वेयर हाउस स्थापित करने को बढ़ावा देने के लिए सूबे की सरकार गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) का तेजी से विकास कर रही है। सरकार की योजना से प्रभावित होकर काफी संख्या में उद्यमी निवेश कर गीडा में उद्योग स्थापित कर रहे है। उद्योगों के स्थापना के साथ ही फैक्ट्रियों में प्रयोग होने वाले कच्चे माल और तैयार सामानों को रखने को लेकर बड़ी समस्या आ रही है।

इसी क्रम में फैक्ट्रियों के उत्पादों को सुरक्षित रखने के लिए भी शासन की ओर से वेयर हाउस स्थापित करने को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि उद्यमियों को अपने उत्पादों को सुरक्षित रखने में किसी तरह की समस्या का सामना नहीं करना पड़े।

उत्तर प्रदेश सरकार की योजना से प्रभावित होकर मुंबई की संस्था मैसर्स पीपल ट्री लाजिस्टिक प्राइवेट लिमिटेड ने गीडा क्षेत्र में तीन वेयर हाउस इकाई स्थापित करने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) आवेदन किया है। इसके बाद यूपीसीडा के वेयरिंग हाउसिंग व लाजिस्टिक प्रभारी रमाकांत कुशवाहा ने एसडीएम सहजनवा को पत्र भेज कर भूमि चिह्नित करने की मांग की है।

पत्र में कहा गया कि संस्था क्षेत्र के नगवां, मुजैला तथा तेनुआ के पास वेयरिंग हाउसिंग इकाई का निर्माण प्रस्तावित है। ऐसे में निर्माण के लिए भूमि चिह्नित करके अवगत कराए। चिह्नित भूमि का क्षेत्रफल एकीकृत होना चाहिए। साथ ही परियोजना में शामिल सार्वजनिक उपयोग की भूमि की स्थिति की स्थिति के अलावा अपेक्षा जताई गई है कि चिह्नित भूमि करीब 12 मीटर चौड़े सड़क के किनारे स्थित होनी चाहिए।

इसकी रिपोर्ट के साथ ही रंगीन सजरा प्लान दिखाते हुए रिपोर्ट उपलब्ध कराए। पत्र आने के बाद से तहसील प्रशासन भूमि को चिन्हित करने को लेकर तैयारी शुरू कर दी है। एसडीएम केशरी नंदन तिवारी ने कहा कि यूपीसीडा ने वेयर हाउस की तीन इकाई स्थापित करने के लिए भूमि चिन्हित कर रिपोर्ट मांगी है। कानूनगो और लेखपाल को जिम्मेदारी दी गई है और जल्द ही कार्य को पूर्ण कर रिपोर्ट भेज दी जाएगी।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर के पिपराइच में रसोई गैस संकट पर फूटा गुस्सा, उपभोक्ताओं ने किया सड़क जाम

20 करोड़ का प्रोजेक्ट होना जरूरी
यूपीसीडा के वेयरिंग हाउसिंग व लाजिस्टिक प्रभारी रमाकांत कुशवाहा ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से वेयर हाउस स्थापित करने के लिए काफी बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके तहत स्टांप ड्यूटी, इलेक्ट्रिसिटी ड्यूटी, विकास शुल्क में काफी छूट दी जाती है। इसके अलावा निवेश की गई पूंजी पर सब्सिडी का भी प्रविधान है।

उन्होंने बताया कि वेयर हाउस प्रोजेक्ट 20 करोड़ रुपये का होने के साथ ही भूमि का आकार न्यूनतम एक लाख वर्ग फीट होना जरूरी है। गोरखपुर में वेयर हाउस स्थापित करने के लिए आवेदन आया है। इसके लिए गीडा और एसडीएम सहजनवा को पत्र भेज कर रिपोर्ट मांगी गई है।