यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 15, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
नवरात्र के पहले दिन लांच होगी जीडीए की रोहिणी अपार्टमेंट योजना, आठ ब्लाक में बनेंगे 256 फ्लैट
GDA Rohini Apartment Scheme गोरखपुर में पत्रकारों शिक्षकों अधिवक्ताओं व आम लोगों के लिए नवरात्र के पहले दिन बड़ी आवासीय ...और पढ़ें

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। नवरात्र की शुरूआत के साथ ही गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) राप्तीनगर विस्तार योजना के तहत एक और समूह आवास (ग्रुप हाउसिंग) योजना लांच करने जा रहा है। रोहिन नदी के नाम पर इस योजना को रोहिनी अपार्टमेंट नाम दिया गया है।
मानबेला में बनाए जाएंगे 256 टू बीएचके सेमी फर्निश्ड आवास
मानबेला में पत्रकारपुरम एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के बीच में करीब पांच एकड़ से अधिक क्षेत्रफल पर विकसित होने वाली इस योजना में 256 टू बीएचके आवास होंगे। पत्रकारपुरम की तरह ही इस योजना में भी सभी आवास सेमीफर्निश्ड होंगे। विशेषता यह होगी कि हर आवास के साथ कार पार्किंग दी जा रही है। भूतल के आवास की कीमत करीब 37 लाख रुपये से अधिक जबकि प्रथम तल से तृतीय तल वाले आवासों की कीमत करीब 29 लाख रुपये होगी। इसी में जीएसटी भी शामिल होगा। जीडीए की वेबसाइट पर इस योजना को अपलोड कर दिया जाएगा और 26 सितंबर से बुकिंग भी शुरू हो जाएगी।
आठ ब्लाक बनेंगे, हर ब्लाक में होंगे 32 आवास
पिछले सप्ताह गोरखपुर दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष जीडीए उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह ने इस योजना का प्रस्तुतीकरण दिया था। मुख्यमंत्री से स्वीकृति मिलने के बाद इसे अंतिम रूप दे दिया गया है। इस योजना में आठ ब्लाक बनाए जाएंगे। अधिवक्ता एन्क्लेव, शिक्षक एन्क्लेव, पत्रकार एन्क्लेव के नाम पर दो-दो ब्लाकों का नाम होगा जबकि दो ब्लाक श्रवण एन्क्लेव के नाम से होंगे। इसका कब्जा दिसंबर 2025 में प्रदान किया जाएगा। हर ब्लाक भूतल सहित चार मंजिल के होंगे। सभी ब्लाक में 32 आवास होंगे और हर आवास का कारपेट एरिया 588 वर्ग फीट होगा। जीडीए की ओर से प्रस्तावित सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट से इस योजना की दूरी करीब 100 मीटर होगी।
यह होगी कीमत
भूतल आवास : 37 लाख 67 हजार|
प्रथम, द्वितीय व तृतीय तल के आवास : 29 लाख चार हजार रुपये
इस नाम के ब्लाक में इतने आवास
अधिवक्ता इन्क्लेव: दो ब्लाक-64
शिक्षक इन्क्लेव: दो ब्लाक-64
पत्रकार इन्क्लेव: दो ब्लाक-64
श्रवण इन्क्लेव: दो ब्लाक-64
यह होगी आवास की स्थिति
कुल कारपेट एरिया : 588 वर्ग फीट
एक लिविंग रूम सह डायनिंग रूम
दो बेड रूम
एक किचन
एक बहुउद्देशीय बरामदा/ बालकनी
बेड रूम से सटी बालकनी
ओपेन कार स्पेस
रोहिणी अपार्टमेंट को लांच करने की तैयारी पूरी कर ली गई है। जीडीए की वेबसाइट पर लिंक जल्द ही उपलब्ध होगा। नवरात्र के पहले दिन यानी 26 सितंबर से बुकिंग शुरू हो जाएगी। लोगों की मांग को देखते हुए यह योजना लांच की जा रही है। जीडीए के सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट के पास इसे विकसित किया जाएगा। - प्रेम रंजन सिंह, उपाध्यक्ष जीडीए।
