Move to Jagran APP

मुख्यमंत्री को चिट्ठी लिखकर सामूहिक दुष्कर्म पीड़ि‍ता ने दी आत्मदाह की धमकी Gorakhpur News

महुली थाना क्षेत्र की एक महिला के साथ गांव के ही एक हिस्ट्रीशीटर ने दो साथियों के साथ बीते दिनों दुष्कर्म किया था। आइजी और एसपी ने दखल दिया तो मुकदमा दर्ज हुआ। एक माह बीतने के बाद भी आरोपित खुलेआम घूम रहे हैं।

By Rahul SrivastavaEdited By: Published: Mon, 22 Feb 2021 09:10 AM (IST)Updated: Mon, 22 Feb 2021 09:10 AM (IST)
दुष्कर्म पीड़ि‍ता ने दी आत्मदाह की धमकी। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

गोरखपुर, जेएनएन : संतकबीर नगर जिले के महुली थाना क्षेत्र की एक महिला के साथ गांव के ही एक हिस्ट्रीशीटर ने दो साथियों के साथ बीते दिनों दुष्कर्म किया था। आइजी और एसपी ने दखल दिया तो मुकदमा दर्ज हुआ। करीब एक माह बीतने के बाद भी आरोपित खुलेआम घूम रहे हैं। मुकदमा वापस लेने के लिए पीड़ि‍त परिवार को जानमाल की धमकी दे रहे हैं। दुष्कर्म पीड़‍िता ने मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर अपनी पीड़ा बताई है। स्थानीय पुलिस पर गंभीर आरोप के साथ ही न्याय नहीं मिलने पर आत्मदाह करने की धमकी दी है।

loksabha election banner

महुली थाने का हिस्ट्रीशीटर है आरोपित

अपनी फरियाद में महिला ने कहा है कि आरोपित महुली थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। बीते 27 जनवरी को वह अपने खेत की तरफ गई थी तभी आरोपित और उसके दो साथियों ने उसे पकड़ लिया। मुंह बंद कर उसे दूर खेत में ले गए और दुष्कर्म किया। किसी तरह से वह घर पहुंची और स्वजन को जानकारी दी। उसी दिन वह महुली थाने पहुंची और न्याय की गुहार लगाई। वहां पहुंचने से पहले ही आरोपित वहां पहुंच गए थे। महिला ने आरोप लगाया कि वह अपने साथ हुए दुष्कर्म की बात कहती रही लेकिन पुलिस ने उसकी एक नहीं सुनी। बाद में जब वह बस्ती में आइजी और जिला मुख्यालय पर एसपी से मिली तब पुलिस ने मामला दर्ज किया।

सीओ मुकदमा वापस लेने का बना रहे दबाव

मामले की जांच पुलिस क्षेत्राधिकारी को मिली है, लेकिन वह आरोपितों के प्रभाव में हैं। महिला का आरोप है कि सीओ भी मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। यही कारण है कि आरोपित घर पर चढ़कर पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दे रहे हैं। महिला ने कहा कि वह पूरी तरह से टूट गई है। उसे कुछ सूझ नहीं रहा है। यदि उसे न्याय नहीं मिला तो वह आत्महत्या कर लेगी। उसके मौत की जिम्मेदार पुलिस होगी। पुलिस क्षेत्राधिकारी अंब्रीश भदौरिया ने कहा कि महिला की तहरीर पर मामला दर्ज हुआ है। आरोपितों के खिलाफ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। कुछ लोगों के चढ़ाने पर महिला पुलिस पर अनर्गल आरोप लगा रही है। जल्द ही आरोपित पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

दोषियों पर होगी कार्रवाई

संतकबीरनगर के पुलिस अधीक्षक डा. कौस्तुभ ने कहा कि मामला गंभीर है। दुष्कर्म और एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ है तो आरोपित अभी तक कैसे पकड़े नहीं गए। महिला के आरोपों की भी जांच होगी। जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई तय है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.