मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान 26 को गोरखपुर आएंगे, कई कार्यक्रमों में लेंगे हिस्सा Gorakhpur News
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को गोरखपुर आ रहे हैं। वह यहां भाजपा के कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
गोरखपुर, जेएनएन। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को गोरखपुर आ रहे हैं। वह यहां भाजपा के कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। शिवराज सिंह के गोरखपुर आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
भाजपा के महानगर अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव ने बताया कि शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को 11 बजे विमान द्वारा गोरखपुर पहुंचेंगे। इसके बाद वह दाउदपुर में भाजपा के सदस्यता अभियान में हिस्सा लेंगे। इसके बाद वह गोरखपुर क्लब में भाजपा द्वारा आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके बाद भाजपा की सेक्टर विस्तारक कार्यशाला में भाग लेंगे। तीन बजे वह विमान से रवाना होंगे।
उधर, भाजपा के सदस्यता अभियान को लेकर 26 जुलाई को गोरखपुर क्लब में होने वाली कार्यशाला को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। बैठक में भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेद्र सिंह ने कहा कि कार्यशाला में 162 विस्तारक सदस्यता अभियान की बारीकियां सीखेंगे। सदस्यता अभियान के राष्ट्रीय प्रमुख एवं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि महानगर के 78 सेक्टर में प्रत्येक से दो विस्तारक एवं छह मंडलों में प्रत्येक से एक विस्तारक बनाए जाएंगे।
महानगर अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव ने कहा कि विस्तारकों की सूची तय कर ली गई है। सदस्यता अभियान के महानगर प्रभारी अच्युतानंद शाही ने कहा कि मुख्य अतिथि सुबह 11 बजे आएंगे और 11.30 बजे दाउदपुर स्थित अनुसूचित बस्ती में सदस्य बनाएंगे। महानगर मीडिया प्रभारी बृजेश मणि मिश्र ने बताया कि 26 अगस्त को विस्तारकों की कार्यशाला गोरखपुर क्लब में दोपहर 12 बजे आयोजित होगी। संचालन राजेश गुप्ता ने किया। इस दौरान ओमप्रकाश शर्मा, शशिकांत सिंह, देवेश श्रीवास्तव, राजीव रंजन अग्रवाल आदि मौजूद रहे।