गोरखपुर से हैदराबाद व कोलकाता की विमान सेवा 30 अप्रैल से
हैदराबाद से आने वाला इंडिगो का विमान ही कोलकाता जाएगा। 30 अप्रैल से दोनों शहरों के बीच हवाई सेवा शुरू होने वाली है।
गोरखपुर, जेएनएन। हैदराबाद से आने वाला इंडिगो का विमान ही कोलकाता जाएगा। 30 अप्रैल से दोनों शहरों के बीच हवाई सेवा शुरू होने वाली है। पहले चर्चा थी कि गोरखपुर से हैदराबाद और कोलकाता के लिए अलग-अलग विमान उड़ान भरेगा लेकिन अब तय हुआ है कि हैदराबाद से गोरखपुर आने वाला विमान ही कोलकाता जाएगा।
कोलकाता से वही विमान गोरखपुर आएगा और यहां से हैदराबाद जाएगा। 30 अप्रैल की सुबह 9.55 बजे इंडिगो का बोइंग विमान हैदराबाद से उड़ान भरेगा। दोपहर 12.05 बजे यात्रियों को लेकर गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचेगा। दोपहर 12.35 बजे गोरखपुर से यात्रियों को लेकर कोलकाता के लिए रवाना होगा। दोपहर 2.10 बजे विमान कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचेगा। दोपहर 2.40 बजे वहां से यात्रियों को लेकर गोरखपुर के लिए रवाना होगा।
शाम 4 बजे बोइंग विमान गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचेगा। आधे घंटे बाद यात्रियों को लेकर हैदराबाद रवाना हो जाएगा। एयरपोर्ट निदेशक अनिल द्विवेदी ने बताया कि हैदराबाद और कोलकाता के लिए टिकट की बुकिंग शुरू हो गई है। मई के पहले सप्ताह तक की आधे से अधिक सीट बुक हो चुकी है। कोलकाता के लिए दोबारा हवाई सेवा शुरू होने से लोग काफी उत्साहित हैं।
नवंबर 2017 में बंद हो गई थी कोलकाता की उड़ान
गोरखपुर एयरपोर्ट से स्पाइस जेट का विमान कोलकाता के लिए उड़ान भरता था। नवंबर 2017 में कुहासे की वजह से दिल्ली व कोलकाता जाने वाली फ्लाइट कुछ दिनों के लिए बंद कर दी गई। फरवरी 2018 में दिल्ली जाने वाली तीन फ्लाइटें अपने तय समय पर उड़ान भरने लगीं। सवारी न मिलने का हवाला देकर विमान कंपनी ने कोलकाता की फ्लाइट बंद कर दी थी।
आज की फ्लाइट
दिल्ली के लिए
इंडिगो
आगमन - सुबह 11:10 बजे
प्रस्थान - सुबह 11:40 बजे
स्पाइस जेट
आगमन - दोपहर 12:55 बजे
प्रस्थान - दोपहर 01:25 बजे
एयर इंडिया
आगमन - दोपहर बाद 03:20 बजे
प्रस्थान - दोपहर बाद 03:45 बजे
मुंबई के लिए
स्पाइस जेट
आगमन - दोपहर 2:30 बजे
प्रस्थान - दोपहर बाद 3:15 बजे
बंगलुरु के लिए
इंडिगो
आगमन - दोपहर 01:45 बजे
प्रस्थान - दोपहर बाद 02:15 बजे