Unlock 1.0: गोरखपुर से हैदराबाद की उड़ान शुरू, पहले दिन 39 यात्री मिले Gorakhpur News
लॉकडाउन में छूट मिलने के बाद गोरखपुर से हैदराबाद की उड़ान शुरू हो गई। पहले दिन 39 यात्रियों को लेकर विमान गोरखपुर से रवाना हुआ।
गोरखपुर, जेएनएन। लॉकडाउन की वजह से बंद की गई हैदराबाद की उड़ान सोमवार को 68 दिन बाद इंडिगो ने शुरू कर दी। पहले दिन कंपनी को अपेक्षित यात्री नहीं मिल पाए। पहली उड़ान से मात्र 39 यात्री हैदराबाद रवाना हुए। 180 सीटों वाले एयरबस से 90 यात्री गोरखपुर आए।
इंडिगो का एयरबस सुबह 9.30 बजे गोरखपुर एयरपोर्ट पर पहुंची। इस उड़ान से गोरखपुर आए यात्रियों की एयरपोर्ट अथारिटी ने स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से थर्मल स्कैनिंग कराई। इसके लिए टर्मिनल भवन में कांउटर लगाए गए थे। यात्रियों से स्वास्थ्य से संबंधित सेल्फ डिक्लियरेशन फॉर्म भी भरवाए गए। औपचारिकताएं पूरी करने के बाद यात्रियों को बाहर निकलने दिया गया। जांच के दौरान कोई भी कोरोना संदिग्ध नहीं मिला। यही उड़ान सुबह 10.30 बजे हैदराबाद के लिए रवाना हुई। दिल्ली से आने वाली स्पाइस जेट की फ्लाइट से 138 यात्री आए और 105 लोग गए। मुंबई से 149 लोग आए और केवल 27 यात्री ही गए। दिल्ली से आई एयर इंडिया की फ्लाइट से 45 लोग आए और 15 गए।
उड़ान शुरू होने से यात्री खुश
हैदराबाद से गोरखपुर आने वाले यात्री काफी खुश नजर आए। गोरखपुर की रहने वाली श्रीकृति, सोमेश कुमार, नौतनवां के रहने वाले मनीष चित्रांश और बिहार के बेतिया की रहने वाली धृति कश्यप हैदराबाद में नौकरी करतीं हैं। इन लोगों ने बताया कि लॉकडाउन की वजह से हैदराबाद में फंस गए थे। घर आने के लिए परेशान थे। फ्लाइट शुरू होने से घर वापस आ सके।
आज की फ्लाइट (मंगलवार, दो जून 2020)
हैदराबाद के लिए
इंडिगो
आगमन - सुबह 9.30 बजे
प्रस्थान - सुबह 10.30 बजे
दिल्ली के लिए
स्पाइस जेट
आगमन - दोपहर 11.30 बजे
प्रस्थान - दोपहर 12.30 बजे
एयर इंडिया
आगमन - दोपहर बाद 03.15
प्रस्थान - शाम 04.00 बजे
मुंबई के लिए
स्पाइस जेट
आगमन - दोपहर 01.30 बजे
प्रस्थान - दोपहर 02.30 बजे
महानगर व ग्रामीण क्षेत्रों में आठ से चलेंगे आटो व टेंपो
गोरक्ष पूर्वांचल ऑटो ऑपरेटर्स एसोसिएशन ने आठ जून से महानगर और ग्रामीण क्षेत्रों में आटो और टेंपो चलाने का निर्णय लिया है। ग्रामीण क्षेत्र के प्राइवेट बस मालिक भी आठ जून से ही बसें चलाएंगे। हालांकि, सोमवार को रेलवे स्टेशन और गोरखपुर बस डिपो के आसपास तथा ग्रामीण क्षेत्रों में कुछ आटो, टेंपो और ई रिक्शा चले। जनपद के गोला, बांसगांव, खजनी, चौरीचौरा, सहजनवां, कैंपियरगंज क्षेत्र की सड़कों पर चहल-पहल कम ही रही। पिपराइच क्षेत्र में शारीरिक दूरी के नाम पर कुछ टेंपो चालकों ने 25 की जगह 50 रुपये किराया वसूला।