गोरखपुर से मुंबई की विमान सेवा बंद होने की आशंका, एयरलाइन ने टिकटों की बिक्री बंद की Gorakhpur News
गोरखपुर से मुंबई जाने वाले विमान के टिकटों की बुकिंग बंद हो गई है। इससे उड़ान बंद होने की आशंका जताई जा रही है।
गोरखपुर, जेएनएन। गोरखपुर से मुंबई जाने वाले दूसरे विमान के टिकटों की बुकिंग 27 अक्टूबर से बंद हो गई है। इससे उड़ान बंद होने की आशंका जताई जा रही है। स्पाइस जेट के दो विमान रोजाना दोपहर बाद 3:15 बजे और शाम को पांच बजे गोरखपुर से मुंबई के लिए उड़ा भरते हैं। दिन में उड़ाने भरने वाले विमान की सेवा इस साल 31 मार्च को शुरू हुई थी। बाद में मुंबई एयरपोर्ट से स्लाट मिलने पर 11 मई 2019 से तीन माह के लिए 136 सीटर दूसरे विमान की सेवा शुरू हुई थी। बाद में इसकी अवधि बढ़ा दी गई थी। अभी तक इसी उड़ान जारी है, लेकिन 27 अक्टूबर के बाद से टिकट की बुकिंग नहीं हो रही है। हर साल 28 अक्टूबर से देश भर में विमानों के उड़ान के शेेड्यूल में बदलाव किया जाता है। इस साल जारी शेड्यूल में यह विमान शामिल नहीं है।
मुंबई से आए स्पाइस जेट के विमान में छूटा यात्रियों का सामान
उधर, मुंबई से बुधवार को गोरखपुर आए स्पाइस जेट के विमान में कई यात्रियों का सामान विमान में ही छूट गया है। गोरखपुर में सामान न मिलने से परेशान यात्री एयरपोर्ट पर तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों से काफी देर तक बहस करते रहे। एयरपोर्ट के मुख्य सुरक्षा अधिकारी विजय कौशल ने यात्रियों को समझा-बुझाकर शांत कराया। जिन यात्रियों का सामान छूटा है, उन्हें एक पर्ची दी गई है। जिसे दिखाने पर गुरुवार को उनका सामान लौटाने का आश्वासन दिया गया है।
जांच के लिए रोका गया सामान
मुंबई से दिन में ढाई बजे उड़ान भर कर स्पाइस जेट का विमान गोरखपुर पहुंचा तो कुछ यात्रियों का सामान नहीं मिला। यात्रियों का कहना था कि मुंबई में एयरपोर्ट में उन्होंने सामान जमा किया था, लेकिन गोरखपुर आने के बाद उनका सामान उन्हें मिल नहीं रहा है। इसको उन्होंने हंगामा करना शुरू कर दिया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें समझाने की कोशिश की तो उनसे बहस करने लगे। बाद में एयरपोर्ट के मुख्य सुरक्षा अधिकारी विजय कौशल ने उन्हें बताया कि इलेक्ट्रानिक उपकरण होने पर कई बार जांच-पड़ताल के लिए सामान एयरपोर्ट पर रोक लिया जाता है। चेकिंग के बाद उसी दिन या दूसरे दिन सामान संबंधित एयरपोर्ट पर भेज दिया जाता है। सुरक्षा अधिकारी ने सभी का सामान गोरखपुर आने का आश्वासन दिया है।