यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 12, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Gorakhpur News: बेलीपार में नकली सीमेंट का भंडाफोड़, एसटीएफ के छापे से खुला खेल
गोरखपुर के बेलीपार में लखनऊ एसटीएफ ने ब्रांडेड कंपनी के नाम पर नकली सीमेंट बेचने वाले गोदाम पर छापा मारा। ...और पढ़ें

HighLights
- बेलीपार में नकली सीमेंट का भंडाफोड़
- एसटीएफ ने गोदाम पर छापा मारा
- कर्मचारी व मालिक हिरासत में लिए गए
जागरण संवाददाता, बेलीपार (गोरखपुर)। मड़वरिया कुआ चौकी से 250 मीटर की दूरी पर ब्रांडेड कंपनी के नाम पर नकली सीमेंट बेचने का धंधा चल रहा था। बुधवार को लखनऊ एसटीएफ की टीम ने गोदाम पर छापेमारी की। जांच के बाद दो कर्मचारी व दुकान मालिक को हिरासत में लेकर बेलीपार थाने पर पूछताछ कर रही है। गोदाम में रखे गए बाेरियों पर कई कंपनी के नाम मिले हैं। यह धंधा कई वर्ष से चल रहा था।
लखनऊ एसटीएफ के अनुसार उनके पास काफी दिनों से इस अवैध धंधे की शिकायत मिल रही थी। बुधवार की शाम जब वह एक गोदाम पर पहुंचे तो वहां पर कई कंपनी के नाम से सीमेंट की खाली और भरी हुई बोरी रखी गई थी। छापेमारी के दौरान सीमेंट बनाने की सामग्री व पैकिंग करने वाले सामान बरामद हुए।
दुकानदार खराब सीमेंट को गोदाम पर लाकर ब्रांडेड कंपनी के नाम वाली बोरियों में भरकर पैकिंग करने का काम करता था। इसके बाद वह कंपनी के दाम पर दुकानों पर बेचता था।
छापेमारी में आए एसटीएफ के एक कर्मी ने बताया कि गोदाम से बरामद बोरियों और सीमेंट की जांच कराने पर नकली मिले हैं। इसके बाद सीमेंट, पैकिंग के सामान, कांटा आदि सामान बरामद कर जांच की जा रही है। चिलुआताल क्षेत्र के रहने वाले दो कर्मचारी और पिछौरा के रहने वाले दुकान मालिक को बेलीपार थाने पर लाकर पूछताछ की जा रही है।
इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं बेलीपार थाना पुलिस का कहना है कि एसटीएफ की टीम ने एक सीमेंट के गोदाम पर छापेमारी की है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
