यहां पर यात्रियों को अब रेलवे स्टेशन पर ही थ्री स्टार होटल जैसी सुविधा, इसी सप्ताह शुरू होगी बुकिंग Gorakhpur News
लखनऊ के बाद अब गोरखपुर जंक्शन पर अति आधुनिक रिटायरिंग व डारमेट्री की सुविधा मिलेगी। 18 से 20 अक्टूबर तक आनलाइन बुकिंग शुरू हो जाएगी।
गोरखपुर, जेएनएन। रेल यात्रियों को स्टेशन पर ही थ्री स्टार होटल जैसी सुविधाएं मिलेगी। अतिरिक्त सुविधा के लिए स्टेशन परिसर से बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। लखनऊ के बाद अब गोरखपुर जंक्शन पर अति आधुनिक रिटायरिंग व डारमेट्री की सुविधा मिलेगी। 18 से 20 अक्टूबर तक आनलाइन बुकिंग शुरू हो जाएगी।
तीन रूम और दो डारमेट्री बनकर तैयार
आइआरसीटीसी की देखरेख में तीन रूम और दो डारमेट्री बनकर तैयार हो चुके हैं। उद्घाटन के बाद अगले चरण का कार्य शुरू होगा। यात्रियों को रिटायरिंग रूम में ही लजीज नाश्ता और गरमागरम भोजन मिल जाएगा।
मनोरंजन के साधन भी उपलब्ध
इतना ही नहीं सभी रूम में मनोरंजन के साधन भी उपलब्ध होंगे। सामने टीवी और टेबल पर पत्र- पत्रिकाएं उपलब्ध रहेंगी। घंटी बजते ही परिचारक भी सामने उपस्थित होंगे।
महिलाओं के लिए अलग व्यवस्था
आइआरसीटीसी ने महिला यात्रियों भी ख्याल रखा है। उनके लिए अलग से डारमेट्री की व्यवस्था रहेगी। यात्रियों को खानपान की व्यवस्था के लिए पेंट्री की भी सुविधा मिलेगी। दरअसल, रेलवे के रिटायरिंग रूम परंपरागत रूप से साधारण ही होते हैं। ठहरने के अलावा अन्य जरूरतों के लिए यात्रियों को स्टेशन से बाहर जाना पड़ता है।
यह है रूम का किराया
24 घंटे के लिए 1500 रुपये किराया देने पड़ेंगे। 12 घंटे के लिए 1200, नौ घंटे के लिए 900, छह घंटे के लिए 700 और तीन घंटे के लिए 500 रुपये किराया देना होगा।
डारमेट्री का किराया भी तय
डारमेट्री में 24 घंटे के लिए 500 रुपये किराया देने होंगे। जबकि 12 घंटे के लिए 400, नौ घंटे के लिए 300, छह घंटे के लिए 200 और तीन घंटे के लिए 100 रुपये किराया निर्धारित किया गया है।