नगर निगम में फिर शुरू हुआ तेल का खेल, एक माह में 65 लाख से ज्यादा खर्च Gorakhpur News
नगर आयुक्त अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि तेल खर्च बढ़ा है। अफसरों को सतर्क किया गया है। तेल चोरी नहीं होने दी जाएगी। जनता के रुपये बर्बाद करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
गोरखपुर, जेएनएन। नगर निगम में एक बार फिर अधिक तेल की खपत का जिन्न बाहर आ गया है। नवंबर 19 में तेल के मद में 65 लाख रुपये से अधिक का खर्च देख नगर आयुक्त का माथा ठनका। उन्होंने अफसरों को तेल की बचत के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। एक साल पहले तेल चोरी मामले के पर्दाफाश के बाद खपत 50 लाख रुपये प्रति माह से भी कम हो गई थी।
नगर आयुक्त ने जारी किया निर्देश
नगर आयुक्त अंजनी कुमार सिंह ने विभाग के सभी अफसरों को भेजे पत्र में कहा है कि जिन अफसरों को वाहन दिया गया है, वे निरंतर समीक्षा करें कि उनके वाहन में अत्यधिक ईंधन का प्रयोग तो नहीं किया जा रहा है। ईंधन की पर्ची पर खुद हस्ताक्षर करें। लॉग बुक नियमित भरा जाए।
कूड़ा गाडिय़ों पर रखें नजर
नगर आयुक्त ने कहा कि प्रभारी अफसर (वाहन) सहायक स्टाफ की सहायता से सुनिश्चित करें कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में लगे वाहनों में भी ईंधन की खपत कम की जाए। हर महीने के अंत में ईंधन पर होने वाले खर्च के आंकड़ें तथा पिछले वर्ष के उसी माह में ईंधन पर हुए व्यय का तुलनात्मक आंकड़ा उपलब्ध कराया जाय।
निगम में पुराना है तेल में खेल
नगर निगम के उपसभापति बृजेश सिंह छोटू ने कई चालकों को तेल चोरी में पकड़ा था और इसका सबूत (वीडियोग्राफी) भी दिया था। जनवरी 2019 में संगठित रूप से तेल चोरी का मामला सामने आया था। जीपीएस लगे वाहनों में भी तेल की चोरी पकड़ी गई थी।
जनता के पैसे बर्बाद करने वालों पर होगी कार्रवाई
इस संबंध में नगर आयुक्त अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि तेल खर्च बढ़ा है। अफसरों को सतर्क किया गया है। तेल चोरी नहीं होने दी जाएगी। जनता के रुपये बर्बाद करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।