संतकबीर नगर में अनियंत्रित कंटेनर घर में घुसा, बच्चे की मौत, माता- पिता समेत पांच घायल
संतकबीर नगर जिले में मीरगंज गांव के पास एक तेज रफ्तार कंटेनर ने दो पक्के मकान में ठोकर मार दी। इससे हाईवे के किनारे स्थित एक मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस मकान के अंदर सो रहे एक पांच वर्षीय बालक की मौत हो गई।
गोरखपुर, जेएनएन : संतकबीर नगर जिले में मीरगंज गांव के पास एक तेज रफ्तार कंटेनर ने दो पक्के मकान में ठोकर मार दी। इससे हाईवे के किनारे स्थित एक मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस मकान के अंदर सो रहे एक पांच वर्षीय बालक की मौत हो गई। वहीं परिवार के चार सदस्य तथा कंटेनर के खलासी समेत पांच लोग घायल हो गए। इसमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं दूसरे मकान में सो रहे लोग बाल-बाल बच गए। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है।
घर की दीवार तोड़कर अंदर घुस गया था कंटेनर
कोतवाली खलीलाबाद थानाक्षेत्र के नवीन सब्जी मंडी पुलिस चौकी अंतर्गत मीरगंज गांव निवासी 62 वर्षीय राम पलटन के पास दो मकान है। एक मकान गांव में है, जबकि दूसरा मकान गांव के निकट हाईवे के किनारे में स्थित है। हाईवे के किनारे वाले मकान में उनके बेटे राजधर (26) व रामकरण (33) , बहु प्रियंका (25) और पांच साल के पोते विवेक व तीन वर्षीय विपिन सो रहे थे। रात करीब डेढ़ बजे एक तेज रफ्तार कंटेनर ने उनके इस मकान में जोर से ठोकर मार दी। कंटेनर घर की दीवार तोड़कर अंदर पहुंच गया। इसकी वजह से घर में सो रहे सभी लोग कंटेनर के नीचे आ गए। इस घटना में विवेक की घटनास्थल पर मौत हो गई। जबकि विवेक की मां प्रियंका व पिता राजधर, चाचा रामकरण के अलावा मृतक विवेक के भाई विपिन घायल हो गए। आसपास के लोगों के प्रयास से कंटेनर के नीचे से घायलों को निकाला गया। इन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजवाया। यहां के डाक्टरों ने रामकरण की हालत गंभीर देखकर बीआरडी मेडिकल कालेज-गोरखपुर रेफर कर दिया। जबकि घायल खलासी व तीन अन्य लोगों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
काफी ज्यादा थी कंटेनर की गति
कंटेनर की गति इतनी अधिक थी कि इस मकान को क्षतिग्रस्त करने के बाद वह करीब तीन फीट की दूरी पर स्थित जगदीश यादव के पक्का मकान को भी ठोकर मार दी। इससे इनके मकान को भी काफी क्षति पहुंची है। नवीन मंडी पुलिस चौकी के प्रभारी अनिरुद्ध सिंह, कांटे पुलिस चौकी के प्रभारी बलराम पाण्डेय सहयोगी पुलिसकर्मियों के साथ पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिए। कंटेनर चालक को पुलिस ने अपने हिरासत में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।