पूर्वी चंपारण में करीब 20 लाख जाली नोटों के साथ गोरखपुर का युवक गिरफ्तार, कार में सवार अन्य आरोपी फरार
पूर्वी चंपारण में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने गोरखपुर के एक युवक को 19.98 लाख रुपये के साथ गिरफ्तार किया।

HighLights
पूर्वी चंपारण में 19.98 लाख रुपये के साथ युवक गिरफ्तार।
गोरखपुर निवासी रोहित कुमार शाही नकली नोट गिरोह से जुड़ा।
पुलिस ने पश्चिम चंपारण में भी छापेमारी कर कारतूस मिले।
संवाद सहयोगी, जागरण, हरसिद्धि (पूर्वी चंपारण)। जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र स्थित अरेराज-मोतिहारी मुख्य पथ पर मानिकपुर चौक के पास वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक युवक को 19 लाख 98 हजार 500 रुपयों के साथ गिरफ्तार कर लिया। उसके बैग से 500-500 के नोटों की 40 गड्डियां मिलीं। हालांकि, दो कारों में सवार उसके अन्य साथी फरार हो गए। पूछताछ में गिरफ्तार युवक की पहचान गोरखपुर के बड़हलगंज कस्बा निवासी रोहित कुमार शाही के रूप में हुई।
अरेराज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पंकज कुमार मिश्रा ने शुक्रवार को बताया कि डायल 112 की टीम को सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश नंबर की फार्च्यूनर और टाटा नेक्सॉन कार में सवार कुछ लोग मोतिहारी से अरेराज की ओर जा रहे हैं। उनके नकली नोटों के धंधे से जुड़े होने की आशंका है। एसपी के निर्देश पर मानिकपुर चौक पर जांच के दौरान फार्च्यूनर तेजी से निकल गई। उसके पीछे आ रही कार को रोकने पर उससे उतरकर एक युवक बैग लेकर भागा, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया। इसी दौरान कार सवार फरार हो गए।
नकली नोटों के गिरोह से जुड़ा मामला
रोहित ने बरामद रुपयों के बारे में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। उसके मोबाइल में सोनू सिंह नामक व्यक्ति के साथ नकली नोटों को लेकर चैट मिली। रिसाइकल बिन में एक ही नंबर के पांच नोटों की तस्वीर भी मिली, जो प्रथम दृष्टया नकली नोटों से संबंधित बताई गई।
पुलिस का कहना है कि गिरोह के सदस्य असली नोटों के बदले चार गुना नकली नोट देने का झांसा देते थे। एक लाख रुपये के बदले चार लाख रुपये के नकली नोट देने की बात सामने आई है। पुलिस नकली नोट खपाने के स्थानों और नेटवर्क में शामिल लोगों की जांच कर रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पश्चिम चंपारण में छापेमारी
पकड़े गए युवक से पूछताछ के आधार पर पश्चिम चंपारण के बानूछापर थाना क्षेत्र के बेलवा निवासी अशोक मिश्रा के घर छापेमारी की गई। वहां से 350 बोर के 10 कारतूस मिले। छापेमारी के वक्त अशोक फरार था। पुलिस के अनुसार, उस पर नकली नोटों के धंधे से जुड़े करीब आधा दर्जन मामले दर्ज हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।