विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में हाइड्रोलिक उठाते ही बिजली के तार से टकराया डंपर, करंट लगने से चालक की मौत

Published: Wed, 09 Sep 2026 08:23 PM (IST)

गोरखपुर के सहजनवा में डंपर का हाइड्रोलिक चेक करते समय चालक जयहिंद यादव की 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन से छूने के कारण मौके पर ही मौत हो गई।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. डंपर का हाइड्रोलिक 11 हजार वोल्ट लाइन से टकराया।

  2. चालक जयहिंद यादव की मौके पर ही मौत हो गई।

  3. सहजनवा के चकिया में हुआ यह दर्दनाक हादसा।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। फोरलेन किनारे डंपर का हाइड्रोलिक चेक करना चालक को भारी पड़ गया। हाइड्रोलिक उठाते ही डंपर का ऊपरी हिस्सा ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया।

करंट से चालक 35 वर्षीय जयहिंद यादव की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। यह घटना सहजनवा थाना क्षेत्र के चकिया के पास बुधवार शाम की है। भाई की तहरीर पर पुलिस ने विधिक कार्रवाई की।

संतकबीर नगर जिले के खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के ढेलूआखोर निवासी जयहिंद यादव पुत्र हरिहर यादव डेढ़ वर्ष से चकिया निवासी पंकज यादव का डंपर चला रहे थे। बुधवार दोपहर बाद वह डंपर की धुलाई कराने के लिए चकिया के पास फोरलेन किनारे पहुंचे थे।

धुलाई के बाद वाहन सड़क किनारे खड़ा करने के दौरान वह हाइड्रोलिक की जांच करने लगे। हाइड्रोलिक ऊपर उठाते ही डंपर बिजली के तार से छू गया। इससे पूरे वाहन में करंट प्रवाहित हो गया और जयहिंद गंभीर रूप से झुलस गए।

आसपास मौजूद लोग उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि मौके पर मौत हो गई। घटना की सूचना पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।

हादसे के बाद मृतक की पत्नी सविता का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके पीछे 10 वर्षीय बेटी आराध्या, आठ वर्षीय पुत्र अंश और तीन वर्षीय बेटा आर्यन हैं। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक के भाई मनोज यादव ने पुलिस को तहरीर दी है। थानाध्यक्ष संजय मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें- टूरिस्ट हब बनेगा गोरखपुर का बुढ़िया माता मंदिर, तालाब पर बनेगा पीपे का पुल