Coronavirus : गोरखपुर में साहबों के आवास तक सिमटा छिड़काव Gorakhpur News
जोन एक में अफसरों के सबसे ज्यादा आवास और कार्यालय हैं। छिड़काव में लगी दो गाडिय़ां नियमित रूप में इन्हीं जगहों पर लगी रह रहीं हैं।
गोरखपुर, जेएनएन। नगर निगम का छिड़काव अभियान बड़े साहबों के आवास व कार्यालयों तक सिमट कर रह जा रहा है। जोन एक में अफसरों के सबसे ज्यादा आवास और कार्यालय हैं। छिड़काव में लगी दो गाडिय़ां नियमित रूप में इन्हीं जगहों पर लगी रह रहीं हैं।
अब भी अधिकांश हिस्से छिड़काव से अछूते
शहर को वायरस मुक्त बनाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने सभी वार्डों में सोडियम हाइपो क्लोराइट के घोल से छिड़काव का निर्णय लिया हैै। छिड़काव में फायर ब्रिगेड की भी मदद ली जा रही है। नगर निगम और फायर ब्रिगेड के टैंकरों में सोडियम हाइपो क्लोराइट का घोल डालकर छिड़काव की बात की जा रही है लेकिन अब भी शहर के अधिकांश इलाकों में छिड़काव शुरू ही नहीं हो पाया।
छिड़काव के लिए नोकझोंक
अपने-अपने वार्डों में छिड़काव के लिए पार्षद लगातार अफसरों से नोकझोंक कर रहे हैं। स्थिति यह हो गई है कि जो ज्यादा दबाव बना ले रहा है उसके वार्ड में छिड़काव हो जा रहा है लेकिन अधिकांश वार्ड वंचित हैं। शहर के बाहरी वार्डों में तो आज तक छिड़काव हुआ ही नहीं।
सिर्फ अफसरों के आवास पर हो रहा छिड़काव
नगर निगम के उपसभापति अजय राय ने निगम के अफसरों पर छिड़काव और फॉगिंग में मनमानी का आरोप लगाया। कहा कि छिड़काव और फागिंग सिर्फ अफसरों के आवास व कार्यालयों में हो रही है। जनता परेशान है लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। सिविल लाइन वार्ड में तीन दिन से लगातार कहने के बाद छिड़काव के लिए गाड़ी आई लेकिन हरिओम नगर में सिर्फ आधे घंटे छिड़काव के बाद चली गई। अफसर सिर्फ आश्वासन दे रहे हैं लेकिन उनका ध्यान खुद के कार्यालय और आवासों के सैनिटाइजेशन पर लगा हुआ है।
सफाई भी होगी, छिड़काव भी होगा
महापौर सीताराम जायसवाल का कहना है कि शहर के सभी 70 वार्डों के एक-एक नागरिक तक नगर निगम की सुविधाएं पहुंचाई जाएंगी। अफसरों को निर्देश दिए गए हैं कि वह हर वार्ड में छिड़काव कराएं और साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखें।