दहेज हत्या में सजा काट रही महिला की जेल में रहस्यमय परिस्थिति में मौत
वह अपनी बहू की दहेज हत्या में सजा काट रही थी। सुबह नित्यक्रिया के लिए गई। वापस आकर दोबारा सो गई। उसके बाद वह नहीं उठी।
गोरखपुर (जेएनएन)। बहू की दहेज के कारण हत्या करने की जुर्म की सजा भुगत रही 70 वर्षीय एक महिला की जेल में मौत हो गई। उसकी मौत कैसे हुई किसी को पता नहीं है, अब तो पूरा मामला पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर निर्भर है।
वाकया महराजगंज जिला कारागार की है। वहां पर सजा काट रही 70 वर्षीय हारमती देवी की शुक्रवार की सुबह रहस्यमय हालत में मौत हो गई। महिला कैदी इसी जिले की ठूठीबारी कोतवाली अंतर्गत ग्राम गड़ौरा की निवासी थी।
उक्त महिला और उसके पति पर दहेज हत्या का मुकदमा चल रहा था। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने एक अक्टूबर को दहेज के लिए बहू की हत्या के आरोप में हारमती व उनके पति नंदलाल को अदालत में पेश किया था और कोर्ट ने दोनों आरोपितों को जेल भेज दिया था। दहेज हत्या के केस का फैसला 24 अक्टूबर 2018 को हुआ था और कोर्ट ने हारमती व उनके पति नंदलाल को सात साल की सजा सुनाई थी। जेल अधीक्षक एके ¨सह ने बताया कि हारमती शुक्रवार को भोर में सोकर उठी और नित्यक्रिया के बाद महिला कैदियों के साथ बैरक में दोबारा सो गईं। सुबह आठ बजे तक जब हारमती नहीं उठी तो महिला कैदियों ने आवाज देकर जगाने की कोशिश की। उसे हिलाया पर जब कोई हरकत नहीं हुई। उसके बाद महिला कैदियों ने जेलर को वस्तुस्थिति की जानकारी दी। उसके बाद जेलर ने तुरंत डाक्टर को बुलाया गया। सूचना पर पहुंचे डाक्टर ने नब्ज टटोलने के बाद हारमती को मृत घोषित कर दिया। पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के कारणों का पता चलेगा।