एम्स में पूर्वांचल की सेहत सुधार पर होगा मंथन Gorakhpur News
बैठक में मुख्यमंत्री के सामने एम्स प्रशासन अब तक की प्रगति का ब्योरा प्रस्तुत करेगा। प्रस्तावित कार्यों की जानकारी देगा। मातृ-शिशु मृत्यु दर अधिक है। यहां के लोगों की सेहत सुधारने की योजना बनाई जा रही है। पहले दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे।
गोरखपुर, जेएनएन। मुख्यमंत्री के आर्थिक सलाहकार डा.केवी राजू ने एम्स में डाक्टरों के साथ बैठक की। वहां 10-11 दिसंबर को होने वाली बैठक की तैयारियों के बारे में जानकारी ली और समस्याओं पर चर्चा की। बैठक में पूर्वांचल के सेहत सुधार पर मंथन होगा। पहले दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे। इससे पहले डा.राजू ने एम्स परिसर का निरीक्षण किया।
बैठक में मुख्यमंत्री के सामने एम्स प्रशासन अब तक की प्रगति का ब्योरा प्रस्तुत करेगा। प्रस्तावित कार्यों की जानकारी देगा। दूसरे दिन की बैठक में बाबा राघव दास मेडिकल कालेज के प्राचार्य व जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। चिकित्सा अधीक्षक डा.गौरव गुप्ता ने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतर स्थिति नहीं है। मातृ-शिशु मृत्यु दर अधिक है। यहां के लोगों की सेहत सुधारने की योजना बनाई जा रही है। लोगों से सुझाव भी मांगें जा रहे हैं। अलग-अलग जिलों की योजनाएं वहां की समस्याओं के आधार पर बनाई जाएंगी। हमारी कोशिश होगी कि पूर्वांचल को अच्छी स्वास्थ्य सेवा मुहैया कराई जाए।
निस्तारण के लिए कचरे का वर्गीकरण जरूरी: डा. राजू
मुख्यमंत्री के आर्थिक सलाहकार डा. केवी राजू ने दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजेश सिंह के साथ मिलकर विश्वविद्यालय के ग्रीन कैंपस इनिशिएटिव कार्यक्रम की समीक्षा की। विश्वविद्यालय के कमेटी हाल में आयोजित समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए डा. राजू ने कहा कि कचरों के निस्तारण के लिए उसका यथोचित वर्गीकरण बेहद जरूरी है ताकि सूखे और गीले कचरों का युक्तिसंगत निस्तारण शून्य कचरा उत्पाद आधार पर किया जा सके। महिला स्वयं सहायता समूह के इस्तेमाल की बात भी कही।
कुलपति राजेश प्रो. सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय में कचरे को जैविक खाद बनाने के लिये एक मशीन लगाकर नई पहल की शुरुआत हो चुकी है। जल्द पांच और मशीनें लगाई जाएंगी। महापौर सीताराम जायसवाल ने कहा कि जल्द सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट की स्थापना की जाएगी। ग्रीन कैंपस इनिशिएटिव की संयोजक डा. स्मृति मल्ल ने कार्ययोजना प्रस्तुत की।
एकात्म पत्रिका का हुआ विमोचन
विश्वविद्यालय की दीनदयाल शोधपीठ द्वारा प्रकाशित मासिक पत्रिका एकात्म के नवंबर अंक का विमोचन डा. केवी राजू के हाथों हुआ। दीनदयाल जी के सामाजिक विचारों के ऊपर केंद्रित इस पत्रिका के नवंबर के अंक के संपादक शोधपीठ के निदेशक प्रो. संजीत कुमार गुप्ता एवं सह-संपादक डा. पवन कुमार हैं।