डॉ. धर्मेंद्र को दूसरी बार मिली क्षेत्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी Gorakhpur News
डॉ. धर्मेंद्र सिंह सैंथवार को दूसरी बार यह जिम्मेदारी मिलना तीन दशक से पार्टी के प्रति निष्ठा और ईमानदारी का इनाम माना जा रहा है।
गोरखपुर, जेएनएन। भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह सैंथवार पर प्रदेश नेतृत्व ने एक बार फिर भरोसा जताया है। उन्हें इस पद की दोबारा जिम्मेदारी सौंपी गई है। शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने प्रदेश भर के क्षेत्रीय अध्यक्षों की सूची जारी कर यह जानकारी दी। उन्हें दूसरी बार यह जिम्मेदारी मिलना तीन दशक से पार्टी के प्रति निष्ठा और ईमानदारी का इनाम माना जा रहा है।
महानगर महामंत्री पद के बाद बढ़ा दायित्व
डॉ. धर्मेंद्र ने 2001 से 2009 तक पार्टी के महानगर महामंत्री के पद के दायित्व का बखूबी निर्वहन किया। 2010 से 2016 तक महानगर अध्यक्ष रहे। 2016 में वह क्षेत्रीय टीम का हिस्सा बने और बतौर मंत्री पार्टी की ओर मिले दायित्वों को पूरी निष्ठा के साथ निभाया। फरवरी 2018 में तत्कालीन क्षेत्रीय अध्यक्ष उपेंद्र दत्त शुक्ल ने जब लोकसभा चुनाव का प्रत्याशी बनाए जाने के बाद अपने पद से त्यागपत्र दिया तो डॉ. धर्मेंद्र को वह जिम्मेदारी सौंप दी गई। तबसे लगातार वह इस पद पर बने हुए हैं। 1991 से 1998 तक उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में रहकर परिषद की ओर से मिली दायित्वों का समर्पण के साथ निर्वहन किया। इस दौरान पर परिषद के प्रदेश मंत्री भी रहे। फिलहाल कोरोना संक्रमण से जूझ रहे डॉ. धर्मेंद्र ने खुद को दोबारा क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर केंद्र और प्रदेश नेतृत्व का आभार प्रकट किया है और उम्मीद पर खरा उतरने के लिए हर संभव प्रयास का अश्वासन दिया है।
इन्होंने दी बधाई
डॉ. धर्मेंद्र को दोबारा क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाए जाने की सूचना मिलते ही पार्टी कार्यकर्ताओं में हर्ष व्याप्त हो गया। पार्टी कार्यालय पर इसे लेकर जश्न का माहौल रहा। लोगों ने एक-दूसरे का मुंह मीठाकर अपनी खुशी का इजहार किया। उन्हें बधाई देने का सिलसिला देर रात तक चला। बधाई देने वालों में पूर्व केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा सांसद शिव प्रताप शुक्ल, सदर सांसद रवि किशन, विधायक फतेह बहादुर सिंह, विपिन सिंह, शीतल पांडेय आदि ने बधाई दी है।