धर्माचार्यों ने कहा- मंदिरों में न जाएं, घर पर भी पूजा करने से बरसेगी मां की कृपा Gorakhpur News
कोरोना संक्रमण देखते हुए धर्माचार्यों ने लोगों से अपील की है कि घरों में विधि-विधान से मां की पूजा-अर्चना कर उनसे कोरोना के नाश की प्रार्थना करें। मां इस राक्षस का भी वध करेंगी और अपने भक्तों को संकट से बाहर लाएंगी।
गोरखपुर, जेएनएन। कोरोना रूपी राक्षस ने पुन: सिर उठाना शुरू कर दिया है। यह ऐसा राक्षस है जिसे भीड़ से ताकत मिलती है। मंदिरों पर दर्शन-पूजन के लिए जाने से भीड़ होगी। ऐसे में कोरोना का प्रसार तेज हो सकता है। धर्माचार्यों ने कहा कि यह मां महिषासुरमर्दिनी की आराधना का समय चल रहा है। घरों में विधि-विधान से मां की पूजा-अर्चना कर उनसे कोरोना के नाश की प्रार्थना करें। मां इस राक्षस का भी वध करेंगी और अपने भक्तों को संकट से बाहर लाएंगी। घर पर भी पूजा करने से मां की असीम कृपा बरसेगी और कोरोना का नाश होगा।
कोरोना की रोकथाम में सभी के सहयोग की जरूरत है। मंदिरों पर दर्शन-पूजन के लिए न जाएं। ताकि भीड़ न लगने पाए। बहुत जरूरी हो तो ही घर से बाहर निकलें। बचाव के नियमों से ही कोरोना का अंत होगा। - अवधूत छबीलेराम, संस्थापक, अघोरपीठ।
मंदिरों में पूजा करने से भी वही फल मिलता है जो घर पर करने से। इसलिए अपने घर पर रहकर ही पूजा करें। यह कोरोना का समय है। बचाव बहुत जरूरी है। कोरोना की रोकथाम में सहभागी बने। - योगी कमलनाथ, मुख्य पुजारी, गोरखनाथ मंदिर।
केवल मंदिर या देव स्थानों पर ही पूजा करने से फल नहीं मिलता है। मां भगवती तो सब जगह विद्यमान हैं। श्रद्धा भाव से जहां भी पूजा की जाएगी, उनकी असीम कृपा प्राप्त होगी। घर पर पूजा करें, मंदिर न जाएं। - रवींद्र दास, महंत, कालीबाड़ी, रेती चौक।
पूजा-अर्चना में श्रद्धा का ही महत्वपूर्ण स्थान है। कोविड महामारी का प्रसार तेज हो रहा है, ऐसे में घर से न निकलें। मंदिरों पर भीड़ न लगाएं। घरों में मां भगवती की आराधना करें। वह कोरोना का नाश करेंगी। - दिनेश त्रिपाठी, पुजारी, तरकुलहा देवी मंदिर
नवरात्र एकांत में रहकर साधना करने का समय है। इस दौरान घर से बाहर निकलने की जरूरत नहीं। विधि-विधान से श्रद्धापूर्वक पूजा करने से मां की कृपा बरसती है। घर में रहें और भगवती की आराधना करें। - राजेंद्र महाराज, पुजारी, बुढ़िया माता मंदिर।