डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने कहा, परीक्षा को लेकर सोशल मीडिया पर किया जा रहा दुष्प्रचार Gorakhpur News
UP उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा ने कहा है कि यूपी बोर्ड की परीक्षाएं सकुशल चल रही हैं लेकिन साजिश के तहत सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार किया जा रहा है।
बस्ती, जेएनएन। उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा ने कहा है कि यूपी बोर्ड की परीक्षाएं सकुशल चल रही हैं लेकिन साजिश के तहत सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार किया जा रहा है। अफवाह फैलाना संज्ञेय अपराध है। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नकल रोकना विद्यालय प्रबंधन की प्रमुख जिम्मेदारी है।
उप मुख्यमंत्री बोर्ड परीक्षा की व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि दुनिया की यह सबसे बड़ी परीक्षा है और इसकी पवित्रता बनाए रखने के लिए 1.90 लाख सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। प्रदेश में अब तक 141 नकल माफिया जेल भेजे गए हैं। इनके खिलाफ और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अब तक 29 विद्यालयों में नकल होते मिली है। डिबार घोषित करने के साथ ही इनकी मान्यता रद करने की कार्रवाई की जाएगी।
परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
उप मुख्यमंत्री सबसे पहले शहर स्थित श्रीकृष्ण पांडेय गल्र्स इंटर कालेज पहुंचे। यहां केंद्र व्यवस्थापक से परीक्षा के बारे में जानकारी ली। सुबह की पाली में हाईस्कूल विज्ञान विषय की परीक्षा चल रही थी। दो कमरों की परीक्षा देखने के बाद प्रधानाचार्य कक्ष में बने कंट्रोल रूम का जायजा लिया। मानीटरिंग के लिए इस केंद्र को लखनऊ के कंट्रोल रूम से संबद्ध कराया। यहां से श्रीकृष्ण पांडेय इंटर कालेज और फिर जिगिना स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी केंद्र पर पहुंचे। इस केंद्र को भी मानीटरिंग के लिए लखनऊ के कंट्रोल रूम से संबद्ध कराया। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में बने जनपदीय कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर उन्होंने कई केंद्रों की परीक्षा व्यवस्था का लाइव देखा।
दोनों पालियों में 4725 परीक्षार्थी हुए गैरहाजिर
बोर्ड परीक्षा शनिवार को दो पालियों में कराई गई। सुबह हाईस्कूल विज्ञान विषय की परीक्षा हुई। इसमें 42017 में 38869 लोग परीक्षा में शामिल हुए। 3148 परीक्षार्थी गैरहाजिर हो गए हैं। इसमें 1974 बालक और 1174 बालिका शामिल है। द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट जीव विज्ञान और गणित विषय की परीक्षा कराई गई। इसमें पंजीकृत 24729 में 23152 लोग परीक्षा में शामिल हुए। 1577 विद्यार्थी गैरहाजिर हो गए। इसमें 1184 बालक और 393 बालिका शामिल हैं।