आजमगढ़ से गायब व्यक्ति का शव कुआनो नदी में मिला Gorakhpur news
एक दिन पूर्व सुभाष की तलाश में उनके परिजन सिकरीगंज पुलिस से मिले थे। पुलिस को पूरी जानकारी दी थी। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव को देखते ही उन्होंने सुभाष के रूप में मृतक की शिनाख्त की।
गोरखपुर, जेएनएन। बेलघाट थाना क्षेत्र के ग्राम साउखोर बुजुर्ग से सटे बांध के किनारे कुआनो नदी में 55 वर्षीय एक व्यक्ति का शव मिला है। मृतक का नाम सुभाष गुप्ता पुत्र मिठाई लाल है। वह आजमगढ़ जिले के थाना राजेसुलतानपुर अंतर्गत ग्राम टिकुरिया बुजुर्ग का निवासी था।
गुरुवार की सुबह नदी में एक व्यक्ति का उतराता शव देखकर ग्रामीणों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। उसके बाद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और इसकी सूचना अन्य थानों को भी दी गई। इसका नतीजा रहा कि मौके पर बेलघाट व सिकरीगंज थाने की पुलिस पहुंच गई। सिकरीगंज पुलिस ने शव के संबंध में सुभाष के परिजनों को सूचना दी।
पुलिस ने दर्ज की थी गुमशुदगी की रिपोर्ट
एक दिन पूर्व सुभाष की तलाश में उनके परिजन सिकरीगंज पुलिस से मिले थे। पुलिस को पूरी जानकारी दी थी। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव को देखते ही उन्होंने सुभाष के रूप में मृतक की शिनाख्त की। मौके पर राजेसुलतानपुर थाने के इंस्पेक्टर पीएन तिवारी भी पहुंच गए। उन्होंने बताया कि बीते 27 अक्टूबर को सुभाष गुप्ता के परिजन ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
27 अक्टूबर की सुबह साइकिल से निकले थे सुभाष
सुभाष के पुत्र विवेक ने बताया कि 27 अक्टूबर की सुबह उनके पिता साइकिल से घर से निकले थे। शाम को उन्होंने कई बार उनके नंबर पर काल किया, लेकिन काल रिसीव नहीं हुई। दूसरे दिन किसी भरत नाम के व्यक्ति ने काल रिसीव की और बताया कि उन्हें मोबाइल बैजूनाथ नामक एक व्यक्ति ने दी थी। उन्हें कुआनो के पास मोबाइल लावारिस स्थिति में मिली थी। परिजनों बैजूनाथ ने बताया कि महादेवा बाजार के पास कुआनों नदी के किनारे उन्हें मोबाइल गिरा हुआ मिला था। वहीं कुछ दूरी पर सुभाष की साइकिल भी मिली।