गोरखपुर में सेवायोजन कार्यालय में घुस रहे कांग्रेसी हिरासत में लिए गए Gorakhpur News
आंदोलन के क्रम में गोरखपुर के सेवायोजन कार्यालय में घुस रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। सेवायोजन कार्यालय पहुंचे कांग्रेसियों ने कहा कि सरकार रोजगार देने का सपना दिखा रही है हकीकत यह है कि लोगों की नौकरी जा रही है।
गोरखपुर, जेएनएन। रोजगार के वादे को हवा-हवाई बताते हुए गुब्बारा लेकर सेवायोजन कार्यालय में घुस रहे कांग्रेसियों को कैंट पुलिस ने हिरासत में ले लिया। अनिल दुबे के नेतृत्व में गुब्बारा लेकर सेवायोजन कार्यालय पहुंचे कांग्रेसियों ने कहा कि सरकार रोजगार देने का सपना दिखा रही है, हकीकत यह है कि लोगों की नौकरी जा रही है। सरकार के झूठे वादों से अब जनता तंग आ चुकी है।
कांग्रेसियों के प्रदर्शन को देखते हुए सेवायोजन कार्यालय पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। अचानक कांग्रेसी सेवायोजन कार्यालय के अंदर जाने लगे। इस पर पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
इन नेताओं को लिया गया हिरासत में
पुलिस ने अनिल दुबे, अनिल सोनकर समेत अन्य कांग्रेसियों को हिरासत में ले लिया और कैंट थाना लेकर चली गई। कुछ देर बाद महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आशुतोष तिवारी, महेंद्र मोहन तिवारी, विवेक श्रीवास्तव, रोहन पांडेय, महेंद्र नाथ मिश्र, जितेन्द्र विश्वकर्मा, प्रणव उपाध्याय, दिलीप कुमार निषाद आदि कैंट थाना पहुंचे। बाद में पुलिस ने हिरासत में लिए गए कांग्रेसियों को रिहा कर दिया।
जनता के हक में काम करें कांग्रेसी
कांग्रेस के गोरखपुर प्रभारी त्रिभुवन नरायण मिश्र ने सोमवार को बैठक की। कहा कि हमें जनता के हक में काम करना होगा। महानगर अध्यक्ष आशुतोष तिवारी ने कहा कि युवा रोजगार मांग रहे हैं तो प्रदेश सरकार पुलिस के दम पर उन्हें हिरासत में ले रही है। उन्होंने सरकार पर युवा विरोधी होने का आरोप लगाया।