कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा-दो महीने कोई नहीं रहेगा नेता, बनकर रहें कार्यकर्ता Gorakhpur News
कांगेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संगठन की नींव जितनी मजबूत होगी पार्टी और हम मजबूत रहेंगे। संगठन को कागज नहीं जमीन पर ले आना है। बैठकों में जो न आए वह मान ले कि उसकी छुट्टी तय है।
गोरखपुर, जेएनएन। कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि दो महीने तक पार्टी में कोई नेता नहीं रहेगा। सब कार्यकर्ता बनकर गांव स्तर तक संगठन खड़ा करेंगे और इसे मजबूत बनाने में अपनी पूरी ताकत झोंकेंगे। आने वाला समय कांग्रेस का होगा। सिर्फ दो माह तक संगठन को मजबूती प्रदान करें। गांव स्तर पर यदि मजबूत संगठन खड़ा हो जाएगा तो आने वाला समय कांग्रेस का ही होगा। इस समय यूपी कांग्रेस का कद लगातार बढ़ रहा है। बस थोड़ा सा मेहनत और जरूरी है।
अजय कुमार लल्लू बुधवार को पिपराइच ब्लाक के सोनबरसा बसडीला और खोराबार ब्लाक के रायगंज न्याय पंचायत में कार्यकर्ताओं संग बैठक कर रहे थे। कहा कि संगठन की नींव जितनी मजबूत होगी, पार्टी और हम मजबूत रहेंगे। संगठन को कागज नहीं, जमीन पर ले आना है। बैठकों में जो न आए वह मान ले कि उसकी छुट्टी तय है। 15 दिसंबर तक हर हाल में न्याय पंचायत की कमेटी गठित कर लें। संगठन को मजबूत नहीं बनाएंगे तो वर्ष 2022 का लक्ष्य मुश्किल होगा।
इस दौरान विश्वविजय सिंह, त्रिभुवन मिश्र, निर्मला पासवान, आशुतोष तिवारी, डा. राजेश यादव, अनिल सोनकर, महेंद्र मिश्र, पीएन भट्ट आदि मौजूद रहे।
हो पावे तबही हां कहीं
न्याय पंचायत स्तर पर संगठन को खड़ा करने के लिए प्रदेाश् अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से बात की। बोले, 'हम आप लोगन के अध्यक्ष के पद पर जिम्मेदारी देब, का आप लोग ऐके निभा पइबें। अइसन न हो कि हां-हां कइ दिहलीं और बाद में कुछ ना कइलीं।
कृषि कानूनों को गलत बताया
प्रदेश अध्यक्ष ने तीन कृषि कानूनों को गलत बताते हुए केंद्र सरकार को आड़े हाथ लिया। कहा कि दिल्ली में किसानों का प्रदर्शन जायज है। सरकार सिर्फ उद्योगपतियों व पूंजीपतियों के हित में काम कर रही है। प्रदेश की कानून-व्यवस्था पूरी तरह फेल हो गई है। किसान, नौजवान, मजदूर, महिलाएं सभी परेशान हैं। किसानों के गन्ना मूल्य का भी भुगतान नहीं हो रहा है। धान लेकर किसान भटक रहा है। जो आवाज उठा रहा है, सरकार उस पर मुकदमे दर्ज करा दे रही है।